Parisimam Bill 2026: परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समर्थन का ऐलान कर चुकी DMK और NCP (SP) को कांग्रेस वापस अपने पाले में लाना चाहती है। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करेंगे। सोनिया गांधी भी दोनों नेताओं से फोन पर बात कर बिल के खिलाफ खड़े होने की अपील करेंगी। दरअसल, शनिवार को DMK ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिल के पक्ष में जाने का ऐलान कर दिया था। पार्टी सांसद ए राजा ने कहा कि तमिलनाडु में सीटें बढ़ना राज्य के हित में है। शाम को DMK सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।
DMK और NCP (SP) की सीटिंग INDIA ब्लॉक से अलग
उधर, NCP (SP) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने दावा किया कि शरद पवार से चर्चा के बाद बिल का समर्थन करने का फैसला हुआ है। हालांकि सुप्रिया सुले ने कहा कि ड्राफ्ट देखने और पार्टी में चर्चा के बाद ही अंतिम फैसला होगा।खबर यह भी है कि समर्थन के बदले सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। साथ ही पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद की मांग रखी है। आंध्र के पूर्व सीएम जगनमोहन रेड्डी की YSRCP भी पहले ही समर्थन दे चुकी है। इन तीनों पार्टियों के कुल 34 सांसद हैं। समर्थन के ऐलान के बाद लोकसभा में 97 सांसदों की सीटिंग बदलने की खबर आई। DMK और NCP (SP) की सीटिंग INDIA ब्लॉक से अलग कर दी गई।
महिला आरक्षण बिल पहले ही पास है, तो सीटें बढ़ाने की जरूरत क्यों
इधर, पीएम मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण को लेकर 7 महीने पुराना वीडियो पोस्ट किया। 18 अप्रैल 2026 के संबोधन की इस क्लिप में उन्होंने कहा कि सरकार महिला आरक्षण की राह की हर रुकावट दूर करेगी और अपना वादा पूरा करेगी।वहीं राहुल गांधी ने बिल पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा परिसीमन के जरिए इलेक्टोरल मैप बदलकर फायदा लेना चाहती है। 850 सीटों वाला आइडिया लोकतंत्र को खत्म कर देगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण बिल पहले ही पास है, तो सीटें बढ़ाने की जरूरत क्यों है। खड़गे ने भी परिसीमन को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।
Also read: Jharkhand Road Accident: मंदिर जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, तेज रफ्तार SUV की टक्कर से 5 महिलाओं और 2 बच्चों समेत 13 की मौत
2 दिसंबर को राज्यसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी केंद्र सरकार
केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में और 2 दिसंबर को राज्यसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश करेगी। इसके तहत लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है। सीटों का बंटवारा और महिलाओं के लिए 33% आरक्षित सीटों की पहचान परिसीमन आयोग करेगा। आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या रिटायर्ड जज करेंगे। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त और राज्य निर्वाचन आयुक्त भी सदस्य होंगे। हर राज्य से 5 सांसद और 5 विधायक सहयोगी सदस्य होंगे, जिन्हें वोट का अधिकार नहीं होगा।अप्रैल में महिला आरक्षण विधेयक 54 वोट से गिर गया था। तब पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। इस बार बिल पास करने के लिए 359 वोट चाहिए। तृणमूल ने कल्याण बनर्जी का निलंबन खत्म करने की मांग की है।