Arshdeep Singh Record: भारत के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे T20I मुकाबले में इतिहास रच दिया। वह T20I क्रिकेट में 150 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। अर्शदीप ने ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले के आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर को आउट करके यह खास उपलब्धि हासिल की।
अर्शदीप ने अब तक 103 T20I मैचों की 99 पारियों में 20.62 की औसत और 8.65 की इकॉनमी रेट से 150 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 विकेट पर 51 रन रहा है। इस उपलब्धि के साथ वह T20I क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
T20I में 150 विकेट लेने वाले तीसरे तेज गेंदबाज
अर्शदीप सिंह इस फॉर्मेट में 150 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे तेज गेंदबाज हैं। उनसे पहले न्यूजीलैंड के टिम साउथी और बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। इस सूची में स्पिन गेंदबाजों का दबदबा है। अफगानिस्तान के राशिद खान 200 विकेट के साथ सबसे ऊपर हैं। वह T20I क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं।
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड
अर्शदीप सिंह ने साल 2026 में भी अपनी गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस कैलेंडर ईयर में अब तक 40 T20I विकेट हासिल किए हैं। इसके साथ ही वह एक कैलेंडर ईयर में किसी फुल मेंबर देश के गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा T20I विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने आयरलैंड के जोश लिटिल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने साल 2022 में 39 विकेट लिए थे। इस सूची में श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा 2024 में 38 विकेट और भारत के भुवनेश्वर कुमार 2022 में 37 विकेट के साथ शीर्ष चार में शामिल हैं।
150 विकेट तक पहुंचने में तीसरे सबसे तेज
अर्शदीप ने गेंदों के लिहाज से भी इस उपलब्धि को तेजी से हासिल किया है। वह 2,143 गेंदों में 150 T20I विकेट पूरे करने वाले दुनिया के तीसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ वानिंदु हसरंगा हैं, जिन्होंने 2,035 गेंदों में और राशिद खान ने 2,098 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था।