ICC ODI Rankings:आईसीसी ने वनडे बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने नंबर-1 की कुर्सी बरकरार रखी है। हालांकि उनकी रेटिंग में गिरावट आई है, लेकिन इसके बावजूद न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल उनसे पीछे हैं। वहीं, भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच रैंकिंग में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि टॉप-5 में भारत के तीन बल्लेबाज शामिल हैं।
आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल 822 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। इससे पहले उनकी रेटिंग 841 अंक थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में गिल बिना खाता खोले आउट हो गए थे, जिसका असर उनकी रेटिंग पर पड़ा है। हालांकि, इसके बावजूद उनकी बादशाहत बरकरार है। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 794 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच 28 अंकों का अंतर है। ऐसे में मिचेल के पास आगामी मुकाबलों में अपनी रेटिंग सुधारने का मौका रहेगा।
विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच रैंकिंग की जंग
ताजा रैंकिंग में विराट कोहली 781 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं, जबकि रोहित शर्मा 754 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच अंकों का अंतर ज्यादा नहीं है। ऐसे में आगामी मुकाबलों में दोनों की बल्लेबाजी रैंकिंग में बदलाव ला सकती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाकी मुकाबलों में विराट और रोहित खेलते नजर आएंगे। ऐसे में दोनों के पास शानदार प्रदर्शन कर अपनी रेटिंग में सुधार करने का मौका होगा।
श्रेयस अय्यर को हुआ नुकसान, 18वें स्थान पर पहुंचे
भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को ताजा रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है। वह 608 रेटिंग अंकों के साथ 18वें पायदान पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर बाकी बचे दो मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। अगर उन्हें बल्लेबाजी में ऊपर आने का मौका मिलता है तो वह बड़ी पारी खेलकर अपनी रैंकिंग सुधार सकते हैं।
Also read: मोहम्मद शमी ने टेस्ट मुकाबले से कितने पैसे कमाए, क्रिकेट से कितनी हुई कमाई;जानें कुल नेटवर्थ