Haryana News: हरियाणा के जींद जिले में शनिवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ढाठरथ गांव में 22 अक्टूबर को अपने ही चचेरे भाई रिंकू उर्फ शीला पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन और उसके साथी का पुलिस से सामना हो गया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में अमन और उसके साथी सुमित के पैर में गोली लगी। इसके बाद CIA पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर लिया और उपचार के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम CIA टीम को सूचना मिली थी कि गोलीकांड का मुख्य आरोपी अमन अपने एक साथी के साथ ढाठरथ गांव के नजदीक नहर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान CIA टीम की ओर से सात राउंड फायर किए गए, जबकि आरोपियों ने तीन गोलियां चलाईं।
दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली
फायरिंग के दौरान ढाठरथ गांव निवासी अमन और उसके साथी देवी नगर, गोहाना निवासी सुमित के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मुठभेड़ और पहले हुए गोलीकांड से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।