Haryana Crime: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र स्थित पंचशील कॉलोनी में छह माह की गर्भवती महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और बाद में पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर डुबोकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान 26 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। आरोपी पति अमित गुप्ता उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का निवासी बताया गया है।
कब हुई थी शादी?
दोनों की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी और वे पंचशील कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने नेहा के साथ मारपीट की और बाद में उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने नेहा को घर में मृत अवस्था में पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हत्या की आशंका जताई गई
सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि की आशंका जताई गई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी पति की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मामले की आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी ने दी चाचा को हत्या की जानकारी
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने अपने चाचा को फोन कर हत्या की जानकारी दी और फिर फरार हो गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। परिजनों का कहना है कि नेहा छह माह की गर्भवती थी और परिवार में आने वाले बच्चे को लेकर सभी बेहद खुश थे। शादी के बाद दोनों ने करीब एक माह पहले ही नया घर लिया था और जीवन सामान्य चल रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
Also read: हरियाणा के HTET परीक्षा 2025 को लेकर बड़ा अपडेट, पहली बार की गई ऐसी व्यवस्था