HARYANA NEWS: हरियाणा के यमुनानगर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में ननद-भाभी की मौके पर मौत हो गई, जबकि नवविवाहित युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा छछरौली-पांवटा साहिब रोड पर मानकपुर इंडस्ट्री के पास हुआ। परिवार ने बस चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गंगानगर कॉलोनी निवासी शिव कुमार की शादी 29 अप्रैल को खुशबू के साथ हुई थी। शादी को अभी महज 13 दिन ही हुए थे। मंगलवार सुबह शिव कुमार अपनी पत्नी खुशबू और मौसी की बेटी पूजा के साथ पंचमुखी हनुमान मंदिर में माथा टेकने जा रहा था। तीनों स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे। जब वे छछरौली-पांवटा साहिब हाईवे पर मानकपुर इंडस्ट्री के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और तीनों सड़क पर जा गिरे।
हादसे में खुशबू के सिर के ऊपर से बस का पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूजा भी बस की चपेट में आ गई और उसने भी दम तोड़ दिया। शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आसपास के लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 15 बच्चे सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
परिजनों का आरोप है कि बस चालक नशे में था और तेज रफ्तार से बस चला रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुबह मंदिर जा रहे थे, तभी पीछे से बस ने टक्कर मार दी। हमारी बेटी की शादी को अभी 13 दिन ही हुए थे। ड्राइवर नशे में लग रहा था। हमारी मांग है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी।