
CM Nayan Saini on Kejriwal: हरियाणा के यमुनानगर के आदि बद्री में आयोजित "अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव " के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभा को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, आस्था, और जल संसाधनों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा में नदियों को माता का दर्जा दिया गया है और उनकी पूजा व संरक्षण का कार्य किया जाता है।
मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा, "सरस्वती नदी की पवित्रता और ऐतिहासिकता पर कई बार सवाल उठाए गए, लेकिन हमने इसी धरती पर इसकी जलधारा को बहते देखा है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को दुष्प्रचार के माध्यम से कमजोर करने की कोशिश की जाती है, लेकिन हमारी आस्था और परंपराएं इतनी मजबूत हैं कि कोई भी इन पर सवाल खड़ा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, कुछ लोग कहते हैं कि हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिलाकर दिल्ली के लोगों को मारने की कोशिश की। यह पूरी तरह से झूठ और भ्रामक प्रचार है। ऐसे लोग न केवल हमारी सरकार पर, बल्कि भारतीय संस्कृति पर भी प्रश्नचिह्न लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
सरस्वती नदी का उद्गम स्थल हमारे लिए एक पवित्र स्थान है- सीएम सैनी
मुख्यमंत्री ने सरस्वती नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में हरियाणा सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस ऐतिहासिक नदी को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी इसके महत्व को समझ सकें। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार सरस्वती नदी की ऐतिहासिक धारा को पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। आदि बद्री में सरस्वती नदी का उद्गम स्थल हमारे लिए एक पवित्र स्थान है और हम इसे संरक्षित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
केजरीवाल पर सीएम सैनी का पलटवार
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कुछ लोग धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों पर सवाल उठाते हैं और ऐतिहासिक तथ्यों को नकारते हैं। उन्होंने कहा, जिन्होंने यह कहा था कि भगवान श्रीराम का जन्म वहीं नहीं हुआ, उन्होंने ही आज सरस्वती और अन्य धार्मिक विषयों पर विवाद खड़ा किया है। यह उनकी संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में हरियाणा सरकार की धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सरस्वती नदी का संरक्षण, जल संसाधनों की शुद्धता और सांस्कृतिक धरोहरों का सम्मान हमारी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि सरस्वती नदी का अस्तित्व ऐतिहासिक और प्रमाणिक है और इसे लेकर जो भी दुष्प्रचार किया जा रहा है, वह बेबुनियाद है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध है और जल संसाधनों को दूषित करने के झूठे आरोपों से सरकार और जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
Leave a comment