Haryana News: पलवल में सीएम नायब सैनी ने किया बड़ा दावा, कांग्रेस पर जमकर बरसे

Haryana News: पलवल में सीएम नायब सैनी ने किया बड़ा दावा, कांग्रेस पर जमकर बरसे

Palwal News: हरियाणा के पलवल की विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोदी सरकार को न्याय करने वाली सरकार बताते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर वर्ग के साथ न्याय किया है और अपनी जनकल्याणकारी नीतियों से देश को विकास की पटरी पर चढ़ाया है। जबकि कांग्रेस ने कभी देश के साथ न्याय नहीं किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब कांग्रेस को भली भांति समझ चुकी है।

कांग्रेस पर लगातार हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने तो महिलाओं के साथ सदैव अन्याय किया है। वर्ष 2014 से पहले महिलाएं एक-एक किलोमीटर दूर से सिर पर मटका रखकर पानी लाती थी। लेकिन बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने हर घर नल से जल और शौचालय बनाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के नेता किस मुंह से भारत जोड़ो और न्याय की बात करते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवाद का बोलबाला था। जबकि भाजपा सरकार ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का काम किया है। किसानों के साथ भी कांग्रेस ने अन्याय ही किया है। कांग्रेस किसानों की हितेषी कभी नहीं रही।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने 10 सालों में जितना किसानों के लिए किया है। उतना विपक्ष की किसी दूसरी सरकार ने नहीं किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की व्यवस्था मोदी सरकार ने की। गरीब व्यक्ति को आयुष्मान और चिरायु कार्ड देकर भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने बीमारी के दौरान होने वाले खर्च की चिंता से मुक्त किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का एक इतिहास लिखा गया है। सड़कों का जाल बिछा है, बेहतर रेलवे नेटवर्क हुआ है।

सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास भारत के विकास की ना कोई नीति है और ना ही विकास करने की नियत है। कांग्रेस का नेतृत्व तो कहीं दिखाई ही नहीं देता है। जबकि भाजपा की नीति स्पष्ट है, नियत साफ है और मोदी जैसा प्रभावशाली नेतृत्व है। नायब सिंह सैनी ने रैली में उपस्थित जनता से फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर को बड़े मार्जन से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुर्जर से मुकाबला करने के लिए फरीदाबाद लोकसभा से कांग्रेस का टिकट लेने वाला कोई नहीं है।

सीएम सैनी ने कहा कि आज फरीदाबाद का बच्चा-बच्चा कृष्णपाल गुर्जर की 10 लाख पार की जीत का नारा लगा रहा है। सैनी ने कहा कि भारत देश 4 जून को 400 पार का जश्न मनाएगा और तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनेंगे। सैनी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में भारत देश की संस्कृति विलुप्त होती जा रही थी। जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत देश की संस्कृति का देश और विदेशों तक भी डंका बजाया है।

Leave a comment