Haryana News: हरियाणा शिक्षा विभाग ने राज्य के स्कूलों के लिए बड़ा निर्देश जारी किया है। विभाग ने 393 ऐसे स्कूलों को चेतावनी दी है, जिन्होंने अभी तक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर खेल सुविधाओं से संबंधित आवश्यक डेटा अपलोड नहीं किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी लंबित स्कूलों को 20 जुलाई तक हर हाल में डेटा अपलोड करना होगा।
विभाग की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने जिले के लंबित स्कूलों से तय समय सीमा के भीतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पहले से डेटा अपलोड करने वाले स्कूलों को भी निर्देश
शिक्षा विभाग ने केवल लंबित स्कूलों को ही नहीं, बल्कि उन स्कूलों को भी निर्देश दिए हैं जिन्होंने पहले डेटा अपलोड कर दिया है। ऐसे सभी स्कूलों को पोर्टल पर लॉगिन कर अपलोड की गई जानकारी की समीक्षा करने, आवश्यक सुधार करने और रिकॉर्ड को अपडेट करने के लिए कहा गया है।

सिविल स्ट्रक्चर की जानकारी भी जरूरी
विभाग ने उन स्कूलों को भी चेतावनी दी है जिन्होंने स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर सिविल स्ट्रक्चर आइटम्स का चयन या विवरण दर्ज नहीं किया है। ऐसे स्कूलों को रिपोर्ट दोबारा सही तरीके से अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि खेल सुविधाओं का सटीक रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
तकनीकी सहायता के लिए हेल्पडेस्क जारी
यदि किसी स्कूल को डेटा अपलोड करने में तकनीकी समस्या आती है, तो शिक्षा विभाग ने हेल्पडेस्क नंबर 0172-5049801 जारी किया है। स्कूल इस नंबर पर संपर्क कर तकनीकी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर सही और अद्यतन जानकारी अपलोड करने की अपील की है, ताकि राज्य में खेल सुविधाओं का सटीक आकलन कर भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।