HARYANA NEWS: राज्यसभा चुनाव को लेकर कुमारी शैलजा ने किया बड़ा दावा, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

HARYANA NEWS: राज्यसभा चुनाव को लेकर कुमारी शैलजा ने किया बड़ा दावा, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

HARYANA NEWS: हरियाणा के सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कई राजनीतिक मुद्दों पर बड़ा बयान देते हुए राज्यसभा चुनाव, हरियाणा सरकार के कामकाज और विपक्षी दलों पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने राज्यसभा चुनाव को लेकर विश्वास जताया कि कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध की जीत निश्चित है। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के पास पूरे विधायक हैं और पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है।

राज्यसभा चुनाव में नीतीश कुमार द्वारा नामांकन दाखिल करने के मुद्दे पर भी कुमारी सैलजा ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को केवल चुनाव के लिए इस्तेमाल किया है। उनके मुताबिक चुनाव खत्म होने के बाद नीतीश कुमार के साथ खेला जाएगा और अभी से उनके साथ राजनीतिक खेल चल रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बीजेपी अपने राजनीतिक हितों के लिए सहयोगियों का उपयोग करती है। वहीं कांग्रेस नेत्री की सचिव सुचित्रा के पति गौरव द्वारा बावल विधानसभा सीट से टिकट दिलाने के लिए पैसे लेने के लगाए गए आरोपों पर भी कुमारी सैलजा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया है । उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव को दो साल बीत चुके हैं और उस समय इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई थी। अब इस प्रकार के आरोप लगाने का कोई मतलब नहीं है और यह केवल राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।

हाईकमान का फैसला सभी को स्वीकार करना चाहिए- कुमारी सैलजा

राज्यसभा चुनाव में कर्मवीर बौद्ध को कांग्रेस की टिकट दिए जाने के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाने वाले तेलूराम जांगड़ा द्वारा पार्टी छोड़ने के फैसले पर भी कुमारी सैलजा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में कई लोग संभावित उम्मीदवार होते हैं, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान का होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे लोकसभा, राज्यसभा या विधानसभा चुनाव हो, कांग्रेस हमेशा अपने सिंबल पर चुनाव लड़ती है। बहुत से लोग चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं, लेकिन पार्टी को अंत में एक ही उम्मीदवार चुनना होता है और हाईकमान का फैसला सभी को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने पार्टी नेताओं से अपील की कि किसी को भी नाराजगी नहीं रखनी चाहिए। कुमारी सैलजा ने आम आदमी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला और उसे बीजेपी की बी टीम करार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और आम आदमी पार्टी आपस में मिली हुई हैं और पंजाब विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही दोनों पार्टियां एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब आम आदमी पार्टी के विकास के नारे को पहचान चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को ही सत्ता सौंपना चाहती है।

सीएम सैनी पर कसा तंज

पंजाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे को लेकर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश अलग है और भेष भी अलग है। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी को अपने प्रदेश हरियाणा पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए, क्योंकि हरियाणा में बहुत काम की जरूरत है। उनके मुताबिक प्रदेश की जनता सरकार से नाराज है और लोगों की समस्याओं को लेकर काफी हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह जनता की समस्याओं की ओर ध्यान दें।

बजट पर कुमारी सैलजा ने उठाए सवाल

हरियाणा के बजट को लेकर भी कुमारी सैलजा ने सवाल उठाए। मुख्यमंत्री द्वारा बजट को जनहित में बताया जाने के दावे पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि हो सकता है कि कागजों में जनता का ध्यान रखा गया हो, लेकिन जमीन पर बजट दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल नारों की राजनीति करती है और उसे नारों से आगे बढ़कर काम करना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हर साल बजट पेश किया जाता है और नई योजनाओं की घोषणा होती है, लेकिन यह भी देखना जरूरी है कि पिछले साल के बजट और योजनाओं पर कितना काम हुआ। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठकों में भी बजट का मुद्दा उठ चुका है और अधिकारी भी मान रहे हैं कि जब तक सरकार से पैसा नहीं मिलेगा तब तक काम आगे नहीं बढ़ पाएगा।

Leave a comment