T20 World Cup 2026: अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर, क्या टूटेगा मेजबान टीम के हार का ‘तिलिस्म’?

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। पूरे देश की नजर इस मुकाबले पर टिकी हुई है, क्योंकि टीम इंडिया के पास एक बड़ा इतिहास बदलने का मौका है।
टी20 विश्व कप का इतिहास
दरअसल, टी20 विश्व कप के 19 साल के इतिहास में आज तक कोई भी मेजबान देश चैंपियन नहीं बन पाया है। इसे कई लोग ‘तिलिस्म’ या दुर्भाग्य भी कहते हैं। अगर भारत इस बार खिताब जीतता है तो यह रिकॉर्ड भी टूट जाएगा और पहली बार कोई मेजबान टीम टी20 विश्वकप की ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
कहां हुआ था पहला टूर्नामेंट
टी20 विश्व कप का पहला टूर्नामेंट 2007 में हुआ था, जिसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका ने की थी। हालांकि, मेजबान टीम सुपर-8 राउंड से ही बाहर हो गई थी और फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2009 में इंग्लैंड मेजबान था, लेकिन टीम सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ पाई और पाकिस्तान चैंपियन बना।
वेस्टइंडीज की मेजबानी
2010 में वेस्टइंडीज ने मेजबानी की, लेकिन उसकी टीम भी सुपर-8 से आगे नहीं जा सकी। उस साल इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर ट्रॉफी जीती। 2012 में श्रीलंका ने टूर्नामेंट की मेजबानी की और फाइनल तक पहुंचने में सफल रहा, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा।
बांग्लादेश हुआ था सुपर-10 से बाहर
2014 में बांग्लादेश मेजबान था, लेकिन टीम सुपर-10 में ही बाहर हो गई। 2016 में भारत ने मेजबानी की थी, लेकिन टीम सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हार गई। 2022 में ऑस्ट्रेलिया मेजबान था, लेकिन वह भी सुपर-12 राउंड से आगे नहीं बढ़ सका। 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका ने संयुक्त रूप से मेजबानी की, लेकिन दोनों टीमें सुपर-8 से बाहर हो गईं।
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबान
इस बार भारत और श्रीलंका संयुक्त मेजबान हैं। श्रीलंका सुपर-8 में बाहर हो गया, जबकि भारत फाइनल तक पहुंच गया है। अब टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। अगर भारत न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतता है, तो वह टी20 विश्वकप के इतिहास में मेजबान होते हुए चैंपियन बनने वाली पहली टीम बन जाएगी।
Leave a comment