
Haryana Weather Update: हरियाणा सहित भिवानी में इन दिनों गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान का असर अब आम जनजीवन के साथ-साथ पशु-पक्षियों और किसानों पर भी देखने को मिल रहा है। दिन ही नहीं बल्कि रात के समय भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. देवी लाल के अनुसार हरियाणा प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भिवानी में तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है, जो इस मौसम के लिहाज से काफी ज्यादा माना जा रहा है।उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान का असर खेती पर भी पड़ सकता है। खासकर गेहूं की फसल को इस समय हल्की सिंचाई की जरूरत है। यदि किसान समय पर फसल को पानी देते हैं तो इससे पैदावार बेहतर हो सकती है उन्होंने यह भी बताया कि अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है और प्रदेश में कई जगहों पर रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
किसानों से की अपील
मौसम विशेषज्ञ ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए किसान भाई सुबह और शाम के समय ही खेतों में काम करें और दिन के समय तेज धूप से बचें। इसके साथ ही शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए अधिक से अधिक पेय पदार्थों का सेवन करें। कुल मिलाकर, समय से पहले बढ़ती गर्मी ने हरियाणा में चिंता बढ़ा दी है और विशेषज्ञों की सलाह है कि किसान और आम लोग सावधानी बरतते हुए अपने स्वास्थ्य और फसलों का ध्यान रखें।
Leave a comment