Haryana: रेड मारने गई पुलिस की टीम पर हमला, दो पुलिसकर्मी हुए घायल

Haryana: रेड मारने गई पुलिस की टीम पर हमला, दो पुलिसकर्मी हुए घायल

सिरसा:  हरियाणा के सिरसा में अपराधियों के हौसले दिन पर दिन बढ़ते जा रहे हैं। यही कारण है कि आए दिन पुलिसकर्मियों पर ही हमले होने लगे हैं। ताजा मामला सिरसा के गांव सिकंदरपुर का है जहां सदर थाना पुलिस टीम रेड मारने के लिए गांव में पहुंची थी,कि वहां पर उपस्थित लोगों ने पुलिस पार्टी पर ही हमला बोल दिया। पुलिस पार्टी पर हुए हमले में 2 पुलिस कर्मचारी घायल हुए,जबकि पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। आपको बता दें कि गांव सिकंदरपुर में पुलिस टीम अवैध शराब के मामले को लेकर गांव में पहुंची थी। जहां पर ग्रामीणों ने पुलिस कर्मचारियों के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थी।

सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि रात को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि गांव सिकंदरपुर में अवैध भट्टी से शराब निकाली जा रही है। सूचना मिलते ही वहां पर रेड की तो पुलिस पार्टी को देख कर वहां उपस्थित तीन चार लोग भागने लगे तो एक व्यक्ति को पुलिसकर्मियों ने काबू कर लिया। बाकी अन्य वहां से भाग गए। काबू किए गए व्यक्ति को गाड़ी में बिठाया इसी दौरान काफी संख्या में कुछ लोग जिसमें महिलाएं भी शामिल थी वहां आ गई और वहां पर पड़ी लकड़ियों से पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया और उस आदमी को छुड़वा लिया। साथ में गाड़ी  में भी तोड़फोड़ की।

इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी महिला है जिसके कहने पर पुलिस पार्टी पर हमला हुआ था वह अभी फरार है लेकिन छह लोगों को मौके से काबू किया गया है। इस मामले में अन्य आरोपियों की धरपकड़ जारी है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस हमले में उन्हें खुद को और उनके ड्राइवर को चोटें लगी हैं। उन्होंने बताया कि मौके से 50 लीटर लाहन एक ड्रम व 4 लीटर अवैध शराब बरामद की है।

Leave a comment