
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कोर ग्रुप की बैठक समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों, यहां तक कि भयानक गर्मी में भी पूरी निष्ठा और लगन के साथ काम किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में तीसरी बार बड़े जनादेश के साथ सरकार बनी है, और इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने घर-घर जाकर प्रचार किया और पार्टी को मजबूत बनाया। उन्होंने कहा, "जिन-जिन कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई थी, उन्होंने अपनी भूमिका बखूबी निभाई। आज कोर ग्रुप के सभी सदस्यों और कार्यकर्ताओं से मिलना हुआ।"
सदस्यता अभियान पर जोर
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पार्टी ने एक बड़े सदस्यता अभियान की शुरुआत की है, जिसमें हरियाणा को 50 लाख सदस्यों का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा और इसके लिए रणनीतियों पर चर्चा की जा रही है।
सरकार के विकास कार्यों पर चर्चा
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि वर्तमान सरकार तीव्र गति से विकास कार्यों को अंजाम दे रही है। उन्होंने कहा, "हमने कोर ग्रुप की बैठक में इन विकास योजनाओं और सरकार की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के तरीकों पर चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार विकास और संगठन के कार्यों में संतुलन बनाए रखते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास कर रही है।
Leave a comment