Haryana News : हरियाणा के कैथल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। शुक्रवार तड़के करीब दो बजे पूंडरी-फरल रोड पर एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) की टीम और नशा तस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी की पहचान मटौर गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षा के बीच उपचार के लिए कैथल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ANC टीम को नशा तस्करों की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने पूंडरी से फरल रोड के बीच घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी भागने लगे, जिसके दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई के दौरान संदीप के पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार साथियों को पुलिस ने मौके से ही दबोच लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी और पूरे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा पुलिस ने हाल के दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।