Haryana New Bus Stand: हरियाणा सरकार ने महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में आधुनिक 6-बेज बस स्टैंड के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 10.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से नए बस स्टैंड की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने मंजूरी देकर पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कनीना में बनने वाला नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां विशाल और आरामदायक प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
इसके अलावा स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, आधुनिक टिकट काउंटर तथा डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
6 प्लेटफॉर्म से होगा बसों का सुव्यवस्थित संचालन
बसों के सुचारु संचालन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड में 6 अलग-अलग प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे। इससे बसों के आवागमन में व्यवस्था बनी रहेगी और यात्रियों को भीड़भाड़ और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
आरती सिंह राव ने कहा कि बस स्टैंड का निर्माण केवल परिवहन सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।