Haryana News: हरियाणा के हिसार के जिला अदालत परिसर में गैंगस्टर विनोद पन्नू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट से बड़ा दावा किया गया है। जिसमें इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भी ली गई है। वायरल पोस्ट में अनिल पंडित और हिमांशु सोनीपत के नाम सामने आ रहा हैं। पोस्ट में दावा किया गया है कि वारदात को रोहित सोनीपत और हरमन संधू के कहने पर अंजाम दिया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।
वायरल पोस्ट में बदमाशों ने विरोधियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वे समय रहते सुधर जाएं, वरना उनका भी यही अंजाम होगा। पुलिस अब सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे की भी जांच कर सकती है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पोस्ट वास्तव में किसने डाली तथा हत्या की साजिश में किन लोगों की भूमिका रही।

बता दें कि हिसार जिला अदालत के मुख्य गेट के पास गुरुवार को विनोद पन्नू पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं, जबकि घटनास्थल से जुड़ी शुरुआती रिपोर्टों में इससे अधिक राउंड फायरिंग की बात भी सामने आई थी। वारदात के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।