Haryana News: हरियाणा के हांसी में अपराधियों के मंसूबों पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। CIA-1 हांसी की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 अवैध पिस्तौल और देशी कट्टे और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आपस में संपर्क में थे और अपराधिक गैंग बनाकर वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे। मामले की जांच में हथियारों की खरीद-फरोख्त और आरोपियों के आपसी कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, CIA-1 टीम ने थाना शहर हांसी के मुकदमा नंबर 602 में कार्रवाई करते हुए सिकन्दर निवासी विकास नगर हांसी और आशीष निवासी अलीगढ़, हाल निवासी विकास नगर हांसी को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया कि सिकन्दर ने ये हथियार आशीष से खरीदे थे। पुलिस के अनुसार, सिकन्दर इन हथियारों का इस्तेमाल अपनी माता की हत्या करने और अपराधिक गैंग बनाने के लिए करना चाहता था। इसी दौरान उसने एक देशी कट्टा अपने दोस्त आर्यन निवासी चारकुतब गेट हांसी को दे दिया। इसके बाद CIA-1 ने मुकदमा नंबर 603 में आर्यन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि आर्यन ने भी सिकन्दर के साथ मिलकर अपराधिक गैंग बनाने के उद्देश्य से हथियार लिया था। पुलिस के अनुसार आर्यन का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई में मुकदमा नंबर 608 के तहत विजय निवासी मंडी आदमपुर, हाल निवासी रेगर बस्ती चारकुतब गेट हांसी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, विजय के खिलाफ थाना आदमपुर में पहले से हत्या के प्रयास, लूट-डकैती और लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि विजय भी सिकन्दर के संपर्क में आया था और उसने आशीष से अवैध पिस्तौल व कारतूस लिए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आशीष के खिलाफ थाना शहर हांसी में वर्ष 2021 में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। उसके खिलाफ अवैध असलाह सप्लाई और हत्या से जुड़े मामले भी दर्ज रहे हैं। वह पूर्व में 5 हजार रुपये का इनामी आरोपी भी रह चुका है और CIA-1 हांसी द्वारा पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आरोपियों के नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य कनेक्शनों की भी जांच कर रही है।