हरियाणा सरकार ने ड्यूटी में लापरवाही और आमजन की समस्याओं के समाधान में कोताही बरतने के आरोप में राजौंद की नायब तहसीलदार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने नायब तहसीलदार स्नेह लता को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और नोटिस के बाद भी कोई जवाब नहीं देने पर की गई।

डीसी ने किया था औचक निरीक्षण
कैथल की उपायुक्त (डीसी) अपराजिता ने बुधवार को प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से राजौंद में विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय और नगर पालिका कार्यालय का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार स्नेह लता के कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।
Also read: Aaj Ka Mausam: हरियाणा के 15 जिलों में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, देखें आज का मौसम पूर्वानुमान
लापरवाही पर भड़कीं डीसी, सीधे सुनीं जनता की समस्याएं
बुधवार को जब डीसी अपराजिता अचानक राजौंद तहसील कार्यालय पहुंचीं, तो वहां हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार स्नेह लता अपनी सीट पर मौजूद नहीं मिलीं। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारी को तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। डीसी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि: "ड्यूटी के प्रति लापरवाही और आम जनता को परेशान करना किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा। कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए।"
इस दौरान डीसी ने तहसील परिसर में मौजूद नागरिकों और शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।