
बहादुरगढ़: हरियाणा के बहादुरगढ़ में गैंगवार के चलते 3 लोगों को गोली मारने का मामला सामने आया है. जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक के गले में गोली लगने के कारण वह जिंदगी और मौत के बीच की जंग लड़ रहा है. मामला बहादुरगढ़ के आसौदा गांव का है. जहां शाम के समय एक दुकान के बाहर चारपाई पर कुछ लोग बैठे हुए थे. उसी वक्त एक टाटा हैरियर गाड़ी में सवार होकर आए 6 बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
इस गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए बहादुरगढ़ के ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. मृतकों की पहचान नरेश और संजय के रूप में हुई है. वहीं घायल अनिल की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है. हमलावर घटना को आसानी से अंजाम देकर फरार हो गए. बाद में घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.
झज्जर जिले के एसपी राजेश दुग्गल ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. डीएसपी राहुल देव ने बताया कि मामले को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है. गांव में काफी समय पहले एक गैंगवार शुरू हुई थी. जिसकी डिटेल खंगाली जा रही हैं. हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं. आपको बता दें कि गांव में काफी लंबे समय पहले इस गैंगवार की शुरुआत हुई थी. अब आसौदा गांव के सुरेश और रोहित उर्फ रेसकोप के बीच लंबे समय से गैंगवार चली आ रही है.
इस गैंगवॉर के कारण अब तक आसौदा गांव के 8 से ज्यादा लोग अपनी जान गवा चुके हैं. आसौदा गांव में आज शाम हुई गोलीबारी इसी गैंगवार का नतीजा है. अगर समय रहते पुलिस ने इन गैंग्स के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, तो न जाने कितनी जाने इस गैंगवॉर की भेंट चढ़ सकती हैं.
Leave a comment