Faridabad Firing: हरियाणा के फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में देर रात गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, गली में करीब 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि सरिया-कांटा हटाने को लेकर एक दुकानदार और स्थानीय लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दुकानदार की ओर से कई लोगों को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों के साथ मारपीट हुई।
मारपीट के बाद गाड़ियों में तोड़फोड़ का आरोप
विवाद के दौरान मारपीट के साथ-साथ गली में खड़ी 3 से 4 गाड़ियों में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
घटना के दौरान फायरिंग किए जाने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और मौके से संबंधित जानकारी जुटाई।