Haryana Diwali News: देशभर में आज 8 नवंबर को दिवाली का त्योहार मनाया जाएगा। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना और आपात स्थिति से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, बिजली निगम, अग्निशमन विभाग और शहरी स्थानीय निकाय समेत सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दिवाली पर सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की अनुमति होगी। वहीं, हरियाणा के 14 जिलों में ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई है। ग्रीन पटाखों को सामान्य पटाखों के मुकाबले कम प्रदूषण फैलाने वाला माना जाता है।
इन 14 जिलों में ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति
हरियाणा के 14 जिलों में ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई है। इनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात), रोहतक, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, पानीपत, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, जींद और करनाल शामिल हैं।
ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल सामान्य पटाखों की तुलना में कम प्रदूषण फैलाने के उद्देश्य से किया जाता है। हालांकि, सभी पटाखे ग्रीन नहीं होते। केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों को ही इस श्रेणी में माना जाता है।
पटाखों के गोदाम और दुकानों पर पुलिस की नजर
दिवाली पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। DGP अजय सिंघल ने सभी पुलिस कमिश्नरों और जिला पुलिस अधीक्षकों (SP) को पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों और बिक्री केंद्रों की जांच की जाएगी। संबंधित थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारी दुकानों व गोदामों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान लाइसेंस की वैधता और अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जांच की जाएगी।
बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और मार्गों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित, डॉक्टर रहेंगे ऑन कॉल
दिवाली के दौरान पटाखों से जलने और अन्य दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्था की है।
प्रदेश के 23 सिविल अस्पतालों और 52 सब-डिविजन अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा 416 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और 121 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भी मेडिकल टीमों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।
अस्पतालों में इमरजेंसी बेड आरक्षित रखने के साथ डॉक्टरों को ऑन कॉल उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके।
दिवाली पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति, कर्मचारी रहेंगे तैनात
हरियाणा में दिवाली के अवसर पर बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए बिजली निगमों ने विशेष तैयारियां की हैं। बिजली विभाग की सचिव एवं वरिष्ठ IAS अधिकारी आशिमा बराड़ ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) में करीब 7,500 कच्चे C-कैटेगरी कर्मचारी और लगभग 7,000 नियमित कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे।
इसी प्रकार उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) में करीब 7,000 कच्चे C-क्लास कर्मचारी और 7,000 नियमित कर्मचारी तैनात रहेंगे। बिजली संबंधी शिकायतों और फॉल्ट को तुरंत ठीक करने के लिए कर्मचारी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।
अग्निशमन विभाग 24 घंटे अलर्ट, छुट्टियां भी हो सकती हैं रद्द
दिवाली पर आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को सभी अग्निशमन वाहनों को चालू हालत में रखने और फायर स्टेशनों पर पर्याप्त कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर अग्निशमन कर्मियों की छुट्टियां रद्द की जा सकती हैं।
अग्निशमन वाहनों के ईंधन, बीमा और उपकरणों की जांच करने के साथ-साथ उनकी स्थिति लॉगबुक में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पटाखों की दुकानों के लिए विशेष सुरक्षा नियम
दिवाली पर पटाखों की अस्थायी दुकानों और बिक्री केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। अग्निशमन विभाग को एक्सप्लोसिव्स रूल्स, 2008 के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नियमों के अनुसार एक क्लस्टर में 50 से अधिक पटाखों की दुकानें नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार 5 किलोग्राम DCP क्षमता वाले अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने होंगे।
हरियाणा सरकार की इन तैयारियों का उद्देश्य दिवाली के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं को रोकना और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाना है।