HARYANA NEWS: हरियाणा में जन नायक जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और आम लोगों से सीधे जुड़ने के उद्देश्य से ‘जन जन अभियान’ की शुरुआत कर दी है। अभियान के पहले दिन जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने डबवाली हल्के के दर्जनभर गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय मुद्दों, रोजगार, बिजली-पानी और युवाओं से जुड़े विषयों को लेकर अपनी बात रखी।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जन नायक जनता पार्टी का उद्देश्य गांव-गांव जाकर लोगों के बीच रहना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वे हरियाणा की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के 1100 से अधिक गांवों में पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संगठन विस्तार और जनसंपर्क को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
पूरे मामले में निष्पक्षता जरूरी है
डबवाली दौरे के दौरान दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ा है और आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। दुष्यंत चौटाला से जुड़े हालिया प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार सही नहीं था और पूरे मामले में निष्पक्षता जरूरी है।
Also read: Haryana News: पीएम मोदी की अपील का दिख रहा असर, अब मंत्री और अफसर करेंगे वर्चुअल मीटिंग
HSPC की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए
इसके अलावा दिग्विजय चौटाला ने HSPC की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया और युवाओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता की कमी है, जिससे हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि जेजेपी प्रदेश के युवाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। जन जन अभियान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। जेजेपी इसे आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण अभियान मान रही है।