Bhiwani News: हरियाणा के भिवानी के नया बाजार क्षेत्र में एक तीन मंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। बीती देर रात लेंटर ढलाई के दौरान यह हादसा हुआ। भवन निर्माण कामगार यूनियन के जिला सचिव अनिल कुमार के अनुसार, काम के दौरान अचानक मशीन से दो मजदूर नीचे गिर गए।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि नीचे से किसी व्यक्ति द्वारा मशीन का डंडा खोल दिया गया, जिसके कारण ऊपर काम कर रहे दोनों मजदूर संतुलन खो बैठे और नीचे गिर गए। इस हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। मृतक युवक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मां बीमार रहती है और घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Also read: HARYANA NEWS: अंबाला में आग का कहर, 3 घंटे में 3 जगह लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
मृतक परिजनों ने की न्याय की मांग
भवन निर्माण कामगार जिला सचिव अनिल कुमार और परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मृतक की मां ने भी बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस हादसे के पीछे लापरवाही किसकी है और दोषियों पर कब कार्रवाई होगी।