Akhilesh Yadav Promise: लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के बीच आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े ऐलान किए। बुंदेलखंड और अन्य जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर 2027 में सपा की सरकार बनती है, तो प्रदेश के उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी।
महिलाओं के लिए एक बड़ी योजना का ऐलान
इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं के लिए एक बड़ी योजना का भी ऐलान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने की योजना लागू की जाएगी। उनका कहना था कि इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। अखिलेश यादव ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई को बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम लोगों का शोषण किया जा रहा है और बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे जनता परेशान है।
अखिलेश ने किया दावा
उन्होंने ये भी दावा किया कि बिजली कंपनियों के साथ मिलकर एडवांस कमीशन के जरिए लोगों से ज्यादा वसूली की जा रही है। इस वजह से प्रदेश में लोगों के बीच गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सपा प्रमुख ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में सुविधाओं की कमी है और लोगों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने खाद की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसान भी मुश्किल हालात में हैं।
कार्यकर्ताओं से अपील की अपील
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर काम करें और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि अगर सभी मिलकर मेहनत करेंगे, तो 2027 में बदलाव संभव है। उन्होंने भरोसा जताया कि समाजवादी नीतियों के जरिए महंगाई और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण पाया जा सकता है और प्रदेश में बेहतर व्यवस्था लाई जा सकती है।
Also read: महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम, सड़क पर उतरे सीएम योगी, विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप