Haryana News: हरियाणा के बहादुरगढ़ में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। रोहद गांव के पास से गुजर रही एनसीआर नहर में मूर्ति विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए। हादसे में दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीसरे युवक की तलाश अभी जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक 24 वर्षीय अजय गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए नहर में उतरा था, लेकिन अचानक डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी शिवकांत और नीतेश भी नहर में कूद गए, जिसके बाद तीनों युवक पानी में डूब गए। कड़ी मशक्कत के बाद अजय और नीतेश के शव बरामद कर लिए गए, जबकि शिवकांत की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम और आसपास के लोग लगातार अभियान चला रहे हैं।
तीसरे की तालाश जारी
बताया जा रहा है कि तीनों युवक रोहद स्थित टेक फूड प्रोडक्ट कंपनी में काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना आसौदा प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीएम अभिनव सिवाच ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। रात से ही राहत और बचाव दल नहर में शिवकांत की तलाश में जुटे हुए हैं।