Haryana News: हरियाणा के अंबाला में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। धूलकोट गांव में रविवार दोपहर करीब 3 बजे निर्माणाधीन बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। मलबा गिरने से कई मजदूर उसके नीचे दब गए। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या चार बताई गई थी, लेकिन सोमवार सुबह तक यह आंकड़ा बढ़कर 6 हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, फायर ब्रिगेड, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया और रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। करीब 18 घंटे तक चले अभियान में 18 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया।
अंबाला के उपायुक्त सचिन गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने घटनास्थल का जायजा लिया। भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद की जाएगी। निर्माण से जुड़े दस्तावेजों और संभावित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मलबे से निकाले गए मजदूरों को अंबाला के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 6 मजदूरों को मृत घोषित किया गया, जबकि तीन मजदूरों का उपचार जारी है। नौ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।