Search KhabarFast

Press ESC to close

हरियाणा में 4,000 नए राशन डिपो खोलने की प्रक्रिया की जाए तेज, राज्यमंत्री राजेश नागर ने दिये निर्देश

हरियाणा में 4,000 नए राशन डिपो खोलने की प्रक्रिया की जाए तेज, राज्यमंत्री राजेश नागर ने दिये निर्देश

Haryana news: हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बजट घोषणा के अनुरूप सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत 4,000 नए राशन डिपो खोलने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन डिपो का लाइसेंस निलंबित या रद्द किया गया है, उन्हें निकटवर्ती डिपो से जोड़े जाने की जानकारी मुख्यालय के साथ-साथ आम जनता तक भी पहुंचाई जाए ताकि राशन उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रकों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए नागर ने कहा कि केंद्र सरकार के ‘एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड’ के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से लागू करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब पीओएस मशीनों का डाटा आधार से अपडेट किया जाए तथा इनमें आई-स्कैनर और फेस-स्कैनर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएं।

मंत्री ने कहा कि राशन डिपो संचालकों की मार्जिन मनी प्रत्येक माह की 10 तारीख तक उनके खातों में पहुंचनी चाहिए। साथ ही उन्होंने डिपो के स्टॉक की निगरानी के लिए मुख्यालय स्तर पर विशेष टीम गठित करने तथा महीने में कम से कम चार से पांच बार रैंडम निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अंत्योदय अन्न योजना और बीपीएल श्रेणी के कुल 40 लाख परिवार हैं, जिनके 1.57 करोड़ लाभार्थियों को हर माह राशन उपलब्ध कराया जाता है। इनमें 2.86 लाख अंत्योदय परिवार तथा 37.14 लाख बीपीएल परिवार शामिल हैं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अंत्योदय परिवारों को 35 किलोग्राम तथा बीपीएल परिवारों को प्रति सदस्य 5 किलोग्राम गेहूं निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से एक किलोग्राम चीनी 13.50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से तथा एक और दो लीटर सरसों का तेल बाजार मूल्य से कम कीमत पर उपलब्ध कराया जाता है।

राजेश नागर ने अधिकारियों को पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान की सार्वजनिक वितरण प्रणालियों का अध्ययन करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह देखा जाए कि वहां उपभोक्ताओं को राशन के साथ कौन-कौन सी अतिरिक्त वस्तुएं उपलब्ध कराई जाती हैं। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वर्ष 2018 से पहले सरसों के तेल के स्थान पर 2.5 किलोग्राम चने की दाल वितरित की जाती थी। बाद में नागरिक संसाधन सूचना विभाग के डाटा के साथ मिलान के बाद बीपीएल परिवारों की संख्या में कमी दर्ज की गई।

विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. जे. गणेशन ने मंत्री को बताया कि डिपो संचालकों की मार्जिन मनी के भुगतान के लिए एक विशेष पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया स्वचालित हो जाएगी और राशि सीधे डिपो संचालकों के खातों में जमा हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 के लिए 42.90 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।

बैठक में भंडारण क्षमता बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि सरकारी खरीद के बाद मंडियों में भंडारण की समस्या सामने आती है, इसलिए विभाग को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की तर्ज पर केंद्रीय गारंटी आधारित वेयरहाउसिंग नीति तैयार करनी चाहिए। इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के लिए 54 हजार जूट गांठों की आवश्यकता को देखते हुए जूट आयुक्त, कोलकाता को ऑर्डर भेजा जा चुका है। राइस मिलों के सत्यापन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रदेश में कुल 1,401 राइस मिलें हैं, जिनमें से 524 का पीवी (फिजिकल वेरिफिकेशन) निरीक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष मिलों का सत्यापन 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इस पर मंत्री ने करनाल, हिसार और यमुनानगर की राइस मिलों में सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की जांच के लिए मुख्यालय से विशेष टीमें भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पीवी प्रक्रिया के दौरान संबंधित मिलर की उपस्थिति अनिवार्य होती है और उसके मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के आधार पर ही विभागीय अधिकारी सत्यापन प्रक्रिया पूरी करते हैं।

 

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Haryana News: हरियाणा सरकार का फैसला, अब HR विभाग से होगी क्लर्कों की भर्ती

Haryana News: हरियाणा सरकार ने स्पष्ट किया है कि हरियाणा लिपिकीय (भर्ती एवं सेवा शर्तें) अधिनियम, 2026 के लागू होने के बाद क्लर्क के पद पर सभी नियमित नियुक्तियां मानव संसाधन विभाग द्वारा की जाएंगी। इनमें सीधी भर्ती के माध्यम की जाने वाली नियुक्तियों के साथ-साथ अनुकंपा आधार पर की जाने वाली नियुक्तियां भी शामिल होंगी।

Haryana News:हरियाणा के गुरुग्राम में चला पुलिस का बुलडोजर, 13 मामलों के आरोपी का अवैध निर्माण हुआ ध्वस्त

Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पटौदी क्षेत्र में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर व्यापारी मोहल्ला, पटौदी, जिला गुरुग्राम में की गई, जहां जिला प्रशासन और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मशीनरी की सहायता से अवैध निर्माण को हटाया और भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया।

Haryana News: हरियाणा के रोहतक में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, तीन कॉलोनियों में की गई तोड़फोड़

Haryana news: हरियाणा के रोहतक में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला। तीन कॉलोनियों में तोड़फोड़ की गई। इस कार्रवाई पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से किये जा रहे निर्माणों और कालोनियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से तोड़-फोड़ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांव सुनारियां कलां में लगभग 4.5 एकड़ में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में 2 निर्माण, एक चारदीवारी एवं 2 कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast