Greater Noida News:नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) के विस्तार के बीच ग्रेटर नोएडा में एक नई टाउनशिप विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। इस टाउनशिप में उन परिवारों को बसाया जाएगा, जिनकी जमीन जेवर एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार के दौरान अधिग्रहित की जा रही है। इसके लिए 6 गांवों की कुल 420.55 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। अब जमीन अधिग्रहण से पहले सामाजिक समाघात निर्धारण रिपोर्ट पर गांव-गांव जाकर लोक सुनवाई कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए 23 से 28 नवंबर तक की तारीख तय की है।
जेवर क्षेत्र में प्रस्तावित इस टाउनशिप के लिए 6 गांवों की जमीन चिन्हित की गई है। प्रशासन की ओर से नामित एजेंसी गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण को लेकर सामाजिक समाघात निर्धारण (SIA) रिपोर्ट और सामाजिक समाघात प्रबंधन योजना का ड्राफ्ट तैयार किया है। नोएडा जिलाधिकारी की ओर से 23 नवंबर से 28 नवंबर तक इन सभी गांवों में लोक सुनवाई कराई जाएगी। इसके तहत प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों की आपत्तियां, सुझाव और समस्याएं सुनी जाएंगी। टाउनशिप के लिए जिन 6 गांवों की जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है, उनमें शामिल हैं।
1. अहमदपुर चौरोली (चौरोली)
2. सादुल्लापुर उर्फ मॉडलपुर
3. नीमका शाहजहांपुर (नीमका)
4. जेवर बांगर
5. अलावलपुर
6. मंगरौली
एयरपोर्ट विस्तार में उजड़ेंगे 6 गांव, प्रभावित परिवारों को मिलेगा घर
दरअसल, जेवर एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार के लिए 14 गांवों के किसानों से करीब 1,888 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इनमें 6 गांव ऐसे हैं, जो पूरी तरह विस्थापित होंगे। इन गांवों में किशोरपुर, रामनेर, बनवारीवास, नीमका, ख्वाजपुर और थोरा शामिल हैं। इन्हीं गांवों के प्रभावित परिवारों को नई टाउनशिप में बसाने की योजना है। प्रशासन के मुताबिक, भूमि अधिग्रहण कानून के प्रावधानों के तहत प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और अन्य निर्धारित लाभ दिए जाएंगे। नई टाउनशिप का उद्देश्य केवल विस्थापित परिवारों को आवास उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि एयरपोर्ट के आसपास एक व्यवस्थित रिहायशी क्षेत्र विकसित करना भी है।
नोएडा-दिल्ली से लेकर अलीगढ़ और मथुरा तक होगी बेहतर कनेक्टिविटी
नई टाउनशिप की सबसे बड़ी खासियत इसकी कनेक्टिविटी होगी। यहां से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली तक पहुंचना आसान होगा। इसके अलावा पूर्व दिशा में अलीगढ़ और मथुरा की ओर जाने वाली सड़कों से भी इसका जुड़ाव होगा। बुलंदशहर और खुर्जा तक पहुंच भी आसान हो सकेगी। प्रस्तावित टाउनशिप जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क के बीच एक प्रमुख रिहायशी केंद्र के रूप में विकसित हो सकती है। इससे क्षेत्र में आवासीय गतिविधियों के साथ-साथ कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
जेवर एयरपोर्ट के आसपास विकसित होगा नया शहर
जेवर एयरपोर्ट के विस्तार के साथ आसपास के क्षेत्र में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे और शहरी विकास की योजनाएं आगे बढ़ रही हैं। नई टाउनशिप भी इसी विकास योजना का हिस्सा है। इससे प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के साथ जेवर क्षेत्र को एक नए शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिल सकती है। एयरपोर्ट के पूरी तरह विकसित होने से दिल्ली-NCR को एक और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का लाभ मिलेगा। इससे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, टाउनशिप के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया लोक सुनवाई और SIA रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ेगी। इसके बाद पुनर्वास और टाउनशिप विकसित करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।
Also read: Bihar Crime: भागलपुर में रिश्तों का कत्ल! जमीन विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को गोलियों से भूना