Gold Adulteration Alert: शादी का सीजन शुरू होते ही सोने की शुद्धता को लेकर बाजार में हड़कंप मच गया है। दावा किया जा रहा है कि कई जगहों पर 22 कैरेट के नाम पर करीब 20 कैरेट सोना ही बेचा जा रहा है। सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम पाउडर और दूसरी भारी धातुएं मिलाने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने ज्वेलरी कारोबारियों और ग्राहकों दोनों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
CTI के चेयरपर्सन बृजेश गोयल ने कहा
CTI के चेयरपर्सन बृजेश गोयल ने कहा कि एक बेईमान ज्वैलर की वजह से 100 ईमानदार ज्वैलर बदनाम हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरों से पूरे बाजार का भरोसा टूटता है।इस बार शादी सीजन में देशभर में करीब 52 लाख शादियों से 6 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। अकेले दिल्ली-NCR में ही 5 लाख शादियों से करीब 1 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।
ग्राहकों का भरोसा कम होगा और गहनों की बिक्री पर असर पड़ेगा
इसमें सोने और गहनों की सबसे बड़ी हिस्सेदारी होती है, इसलिए मिलावट की खबरों ने कारोबारियों की चिंता और बढ़ा दी है।बृजेश गोयल के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सोने में मिलावट की रिपोर्ट्स आने के बाद से सैकड़ों ज्वेलरी कारोबारी संगठन के संपर्क में हैं। कारोबारियों को डर है कि पीक सीजन में ऐसी खबरों से ग्राहकों का भरोसा कम होगा और गहनों की बिक्री पर असर पड़ेगा।
Also read: होंडा का बड़ा धमाका! भारत में आ रही हैं 5 नई कारें, हाइब्रिड SUV से लेकर इलेक्ट्रिक तक सब कुछ
पुरानी जांच मशीनों से मिलावट को पकड़ना मुश्किल
CTI का कहना है कि रिपोर्ट्स में चीन से आने वाले रेनियम पाउडर के साथ-साथ रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। इन धातुओं का घनत्व सोने के बराबर या उससे ज्यादा हो सकता है, जिसकी वजह से पुरानी जांच मशीनों से मिलावट को पकड़ना मुश्किल हो जाता है।