BR Gavai Letter President: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेटर लिखकर जजों की नियुक्ति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।27 नवंबर को लिखे इस लेटर में उन्होंने कहा है कि कॉलेजियम की हाल की सिफारिशों में एक खास समुदाय को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। इससे SC, ST, OBC, अल्पसंख्यक और महिलाओं को जज बनने के मौके कम मिल रहे हैं। उन्होंने जजों के ट्रांसफर के फैसलों पर भी सवाल उठाए हैं।गवई ने कहा कि नियुक्ति और ट्रांसफर में मेरिट और सभी वर्गों को बराबर मौका देने वाले नियमों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
715 जजों में SC के सिर्फ 22, ST के सिर्फ 16
गवई ने लेटर में आंकड़ों से अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया कि 2018 से अब तक हाईकोर्ट में 715 जज नियुक्त हुए हैं। इनमें से सिर्फ 22 SC, 16 ST, 89 OBC और 37 अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। उनके मुताबिक, करीब 75% जज सामान्य वर्ग से बनाए गए। उन्होंने कहा कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हाईकोर्ट में हुई नियुक्तियों में सामान्य वर्ग की हिस्सेदारी करीब 80% रही। वहीं, देश की आबादी में 40 से 50% हिस्सेदारी रखने वाले OBC समुदाय को 14% से भी कम पद मिले।
कॉलेजियम पर जवाबदेही तय नहीं - गवई
गवई ने लिखा कि संविधान के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट के जजों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं, लेकिन नामों की सिफारिश में कॉलेजियम की अहम भूमिका होती है। इसके बावजूद कॉलेजियम पर कामकाज की कोई जवाबदेही तय नहीं है।उन्होंने कहा कि न्यायपालिका में सभी वर्गों को उचित जगह देना सिर्फ कॉलेजियम की नहीं, बल्कि सरकार और संसद की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि पहले भी सरकार और संसद ने कॉलेजियम से वंचित वर्गों के लोगों को जज बनाने के लिए नामों पर विचार करने को कहा था।
Also read: परिसीमन विधेयक को मोदी सरकार की हरी झंडी, महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन विधेयक भी मंजूर
ट्रांसफर में भी भेदभाव का आरोप
गवई ने लेटर में जजों के ट्रांसफर के दो उदाहरण दिए। उन्होंने बताया कि एक जज को उनके मूल हाईकोर्ट से दूसरे हाईकोर्ट में ट्रांसफर किया गया। इसके पीछे सजा देने जैसी वजह बताई गई, लेकिन बाद में उन्हें ही एक बड़े और प्रमुख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बना दिया गया।दूसरे मामले में एक बड़े हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को छोटे हाईकोर्ट में भेज दिया गया। वहीं, छोटे हाईकोर्ट के एक मेहनती चीफ जस्टिस को बड़े हाईकोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया। गवई ने सवाल उठाया कि इन फैसलों में योग्यता को किस आधार पर देखा गया।
राष्ट्रपति से दखल देने की अपील
गवई ने साफ किया कि वे किसी भी समुदाय के लोगों को जज बनाए जाने के खिलाफ नहीं हैं। उनका कहना है कि सभी वर्गों के बीच संतुलन होना चाहिए।उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में उचित कदम उठाने की अपील की, ताकि न्यायपालिका में हर वर्ग को बराबर प्रतिनिधित्व मिल सके।