Ethanol Blending:भारत में पेट्रोल के साथ इथेनॉल की ब्लेंडिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। पेट्रोल पंपों पर E10 और E20 जैसे नाम भी सुनने को मिलते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गन्ने, मक्का और चावल से बनने वाला इथेनॉल पेट्रोल में कैसे मिलाया जाता है? दरअसल, इथेनॉल एक तरह का अल्कोहल है, जिसे एथिल अल्कोहल भी कहते हैं। इसका इस्तेमाल पेट्रोल में मिलाकर ईंधन के रूप में किया जाता है।
इथेनॉल बनाने के लिए मुख्य रूप से गन्ने का रस, शीरा (मोलासेस), मक्का और चावल जैसे कच्चे माल का इस्तेमाल होता है। इसकी प्रक्रिया में सबसे पहले कच्चे माल से शुगर या स्टार्च प्राप्त किया जाता है। स्टार्च को एंजाइम की मदद से शुगर में बदला जाता है। इसके बाद इसमें यीस्ट मिलाकर फर्मेंटेशन यानी किण्वन की प्रक्रिया की जाती है। इस दौरान यीस्ट शुगर को तोड़कर इथेनॉल और कार्बन डाइऑक्साइड बनाता है।
इसके बाद डिस्टिलेशन प्रक्रिया से इथेनॉल को पानी और दूसरे पदार्थों से अलग किया जाता है। पेट्रोल में मिलाने के लिए इथेनॉल से लगभग पूरा पानी हटाना जरूरी होता है। इसके लिए डिहाइड्रेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह करीब 99.5 प्रतिशत या उससे अधिक शुद्धता वाला इथेनॉल तैयार होता है।
पेट्रोल में कैसे होती है ब्लेंडिंग?
इथेनॉल तैयार होने के बाद इसे तेल कंपनियों के डिपो और टर्मिनल पर पेट्रोल के साथ मिलाया जाता है। इसके लिए विशेष मशीनों और ऑटोमेटेड सिस्टम का इस्तेमाल होता है, जो दोनों ईंधनों का अनुपात तय करते हैं। मिश्रण तैयार होने के बाद उसकी गुणवत्ता जांची जाती है और फिर टैंकरों के जरिए पेट्रोल पंपों तक पहुंचाया जाता है।
क्या है E10 और E20 पेट्रोल?
पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा के आधार पर इसे अलग-अलग नाम दिए जाते हैं। E10 पेट्रोल में 10 प्रतिशत इथेनॉल और 90 प्रतिशत पेट्रोल होता है, जबकि E20 में 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल मिलाया जाता है।
इथेनॉल ब्लेंडिंग के क्या हैं फायदे?
इथेनॉल ब्लेंडिंग से भारत की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। इससे गन्ना और मक्का उत्पादक किसानों को बाजार मिलता है और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। इथेनॉल में ऑक्सीजन होने के कारण ईंधन का दहन बेहतर हो सकता है और कुछ प्रदूषकों का उत्सर्जन घट सकता है। हालांकि, E20 जैसे पेट्रोल का इस्तेमाल करने से पहले वाहन की अनुकूलता जांचना जरूरी है। पुराने वाहनों में माइलेज और कुछ फ्यूल सिस्टम कंपोनेंट पर असर पड़ सकता है।
Also read: 8th CPC से सैलरी में कितना हाइक? खाते में पैसा कब आएगा, कितनी बढ़ सकती हैं सैलरी जानिए