Indira Gandhi Anger Story: किसी कर्मचारी को कमरे के कोने में खड़ा कर देना, पार्टी के किसी सदस्य को दीवार की ओर मुंह करके खड़े रहने का आदेश देना या किसी व्यक्ति से कई दिनों तक बात नहीं करना... पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी "कभी-कभार गुस्सा आने पर" कुछ इस तरह पेश आती थीं।कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में अपनी सास इंदिरा गांधी के स्वभाव के बारे में यह खुलासा किया है। सोनिया गांधी ने मंगलवार से बाजार में उपलब्ध अपनी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में शादी के बाद नेहरू-गांधी परिवार में अपने पहले वर्ष के अनुभवों का जिक्र किया है।
"सबसे ज्यादा डर सास के गुस्से से लगता था"
‘हार्पर कॉलिन्स इंडिया’ द्वारा प्रकाशित 544 पृष्ठ की इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के विभिन्न पड़ावों का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा, "मुझे सबसे ज्यादा डर अपनी सास के कभी-कभार अचानक गुस्से में आ जाने से लगता था। उनके गुस्से से कर्मचारी इस कदर सहम जाते थे कि कुछ बोल ही नहीं पाते थे।"सोनिया ने एक घटना का जिक्र करते हुए लिखा, "एक बार एक कर्मचारी उन्हें किसी महत्वपूर्ण मुलाकात के बारे में याद दिलाना भूल गया था। पहले भी वह ऐसी ही गलती कर चुका था। उसे कमरे के एक कोने में खड़े रहने को कहा गया। वहीं, अन्य कर्मचारी इस स्थिति से असहज महसूस कर रहे थे और वे वहां से जल्दी-जल्दी निकल गए।
""नेता को दीवार की तरफ मुंह करके खड़ा कर दिया"
सोनिया ने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने एक बार "कुर्ता-धोती पहने एक व्यक्ति को कमरे के कोने में दीवार की ओर मुंह करके खड़े देखा जो बिल्कुल हिल नहीं रहा था।"उन्होंने लिखा, "मैं करीब आधे घंटे तक एमी आंटी के साथ रही। जब मैं वापस लौटी, तब भी सफेद कपड़े पहना वह व्यक्ति दीवार की ओर मुंह करके खड़ा था। बाद में मुझे पता चला कि मेरी सास ने उसे ऐसा करने का आदेश दिया था।" एमी कृष्णा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्टाफ में वरिष्ठ सदस्य थीं।
Also read: दिल्ली के सरकारी बाबू हो जाएं सावधान! फाइल लटकाई तो जेब से जाएगा पैसा, CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन
कई दिनों तक नहीं करती थीं बात
सोनिया गांधी ने लिखा कि कई बार इंदिरा गांधी किसी से नाराज होने पर उससे बात करना बंद कर देती थीं और "उसे नजरअंदाज करती थीं जिससे वह व्यक्ति कई दिनों तक असमंजस में रहता था।"संसद में "विशेष रूप से विपक्ष के साथ तीखी नोकझोंक" होने पर इंदिरा गांधी कभी-कभी भोजन के दौरान भी "गुस्से में आ जाती थीं।" ऐसे ही एक मौके पर उन्होंने अपनी थाली "गुस्से में" खाने की लंबी मेज के दूसरे छोर की ओर धकेल दी थी।सोनिया ने लिखा, "उनके इस तरह गुस्सा होने से मैं घबरा जाती थी। मुझे अपने पिता के गुस्से की याद आ जाती थी। मैं परेशान हो जाती थी और सहम जाती थी जबकि राजीव और संजय उस अप्रिय स्थिति के समाप्त होने का चुपचाप इंतजार करते थे।"राजीव उन्हें दिलासा देते हुए कहते थे, "इतना मत डरो। वह थोड़ी ही देर में शांत हो जाएंगी।
"पोते-पोतियों से दूर होता था गुस्सा
सोनिया ने लिखा कि इंदिरा को आमतौर पर गुस्सा शांत होने के बाद अपने व्यवहार पर पछतावा होता था। लेकिन यदि कोई सहयोगी उनका भरोसा तोड़ देता था तो वह उसे माफ नहीं करती थीं।सोनिया के अनुसार, दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के जीवन में "तनाव के क्षण" कम होने लगे थे। "जैसे-जैसे बच्चे बड़े हुए, हम उन्हें यह जानने के लिए उनके पास भेजने लगे कि उनका मिजाज कैसा है। पोते-पोतियों की एक मुस्कान या उनका कोई मासूम सवाल उनकी नाराजगी तुरंत दूर कर देता था।"