EPFO New Rule:अगर आप नौकरीपेशा हैं और हर महीने अपनी सैलरी से PF कटवाते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। आने वाले समय में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से PF खाताधारकों को एक नई सुविधा मिल सकती है। इसके तहत कर्मचारी अपनी मर्जी से अपने PF खाते में अतिरिक्त पैसा जमा कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए उन्हें अपनी कंपनी या नियोक्ता पर निर्भर नहीं रहना होगा। EPFO ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा रिटायरमेंट के बाद PF की रकम एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में निकालने की सुविधा शुरू करने की भी तैयारी है।
EPFO के इस प्रस्ताव के तहत ऐसी व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे कर्मचारी अपने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) के माध्यम से सीधे PF खाते में अतिरिक्त योगदान कर सकेंगे। कर्मचारी अपनी सुविधा और बचत के हिसाब से जब चाहें पैसा जमा कर पाएंगे। इसके लिए कंपनी की भूमिका जरूरी नहीं होगी। इस सुविधा का फायदा उन कर्मचारियों को मिल सकता है, जो अपनी नियमित नौकरी के अलावा दूसरे स्रोतों से भी कमाई करते हैं। ऐसे लोग अपनी अतिरिक्त कमाई का कुछ हिस्सा सीधे PF खाते में जमा करके रिटायरमेंट के लिए बचत बढ़ा सकेंगे।
टिप और दूसरी छोटी कमाई से भी बढ़ेगा PF फंड
EPFO के प्रस्ताव में थर्ड पार्टी माइक्रो-कंट्रीब्यूशन की सुविधा भी शामिल है। इसके जरिए छोटी-छोटी रकम को भी PF खाते में जमा करने का रास्ता बनाया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर होटल, रेस्टोरेंट या दूसरी जगहों पर काम करने वाले कर्मचारियों को ग्राहकों से मिलने वाली टिप की रकम भी PF में जमा करने की सुविधा मिल सकती है।
इस व्यवस्था से गिग वर्कर्स और अतिरिक्त कमाई करने वाले लोगों को भी फायदा पहुंच सकता है। नियमित सैलरी से होने वाले PF योगदान के अलावा अतिरिक्त पैसा जमा होने से लंबे समय में रिटायरमेंट फंड बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस रकम पर मिलने वाला ब्याज भी कुल बचत को बढ़ा सकता है।
रिटायरमेंट के बाद किस्तों में निकाल सकेंगे PF का पैसा
EPFO ने रिटायर हो चुके सदस्यों के लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके तहत कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय तय किस्तों में निकाल सकेंगे।इस सुविधा का मकसद रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर पैसा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी जमा पूंजी का इस्तेमाल योजनाबद्ध तरीके से करने में मदद मिल सके।
CBT की 240वीं बैठक में लिए गए अहम फैसले
ये फैसले गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को हुई EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 240वीं बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने की। इन प्रस्तावों के लागू होने के बाद PF खाताधारकों को रिटायरमेंट के लिए बचत करने और अपनी जमा रकम का इस्तेमाल करने में ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं। हालांकि, अतिरिक्त योगदान और किस्तों में निकासी की सुविधा के लिए विस्तृत नियम और प्रक्रिया सामने आने के बाद ही इसकी पूरी जानकारी स्पष्ट होगी।
Also read: ई-रिक्शा की मनमानी पर लगेगा ब्रेक! सरकार का मास्टरप्लान तैयार, जानें क्या-क्या बदलेगा