Yamuna Expressway Interchange: एनसीआर में लंबे समय से बनी बड़ी ट्रैफिक समस्या अब खत्म होने वाली है। कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (KGP) यानी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला इंटरचेंज अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। यह प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद हर दिन हजारों लोगों का सफर आसान और तेज हो जाएगा। अब तक कुंडली या पलवल से आगरा जाने वाले लोगों को Pari Chowk के पास भारी ट्रैफिक से गुजरना पड़ता था। खासकर सुबह के समय यहां लंबा जाम लगता था, जिससे लोगों का करीब एक घंटा अतिरिक्त समय लग जाता था। लेकिन अब Jaganpur Afzalpur के पास बन रहा नया इंटरचेंज इस समस्या को पूरी तरह खत्म कर देगा।
प्रदूषण और ट्रैफिक से मिलेगा छुटकारा
इंटरचेंज शुरू होने के बाद वाहन बिना रुके सीधे एक एक्सप्रेस-वे से दूसरे पर जा सकेंगे। इससे चंडीगढ़, सोनीपत या हरियाणा के अन्य इलाकों से आगरा जाने वाले लोगों को सीधा रास्ता मिलेगा। साथ ही भारी वाहनों को शहर के अंदर नहीं आना पड़ेगा, जिससे ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण और ट्रैफिक दोनों कम होंगे। यह प्रोजेक्ट यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) की बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसे नॉएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़कर विकसित किया जा रहा है। इससे एयरपोर्ट तक पहुंचना भी काफी आसान हो जाएगा।
रियल एस्टेट सेक्टर पर इंटरचेंज का असर
इस इंटरचेंज का असर रियल एस्टेट सेक्टर पर भी साफ दिखाई दे रहा है। यमुना एक्सप्रेस-वे के सेक्टर 18, 20 और 22D में फ्लैट और प्लॉट की मांग तेजी से बढ़ रही है। दनकौर और आसपास के इलाकों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है, क्योंकि यहां भविष्य में बड़ा कमर्शियल हब बनने की संभावना है। इसके अलावा, इस इलाके में वेयर हाउस और लॉजिस्टिक हब तेजी से विकसित हो रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कुल मिलाकर, KGP और यमुना एक्सप्रेस-वे का यह कनेक्शन न सिर्फ ट्रैफिक समस्या का समाधान करेगा, बल्कि पूरे एनसीआर में विकास की नई रफ्तार भी लाएगा।
Also read: Haryana Jobs Update: युवाओं के लिए खुशखबरी! हरियाणा सरकार ने निकाली 2397 कंडक्टर पदों पर भर्ती, यहां जानें पूरा ब्योरा