
Delhi News: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी में एक बार फिर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। दरअसल मंगोलपुरी इलाके में एक स्कूली छात्र की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 16वर्षीय सुधांशु के रूप में हुई है, जो कक्षा 10वीं का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार सुधांशु रोज़ की तरह सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था। इसी बीच परिजनों को करीब सुबह 11बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। बहरहाल मंगोलपुरी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है, और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों और आरोपियों का पता लगाया जा सके।
इलाके में दहशत का माहौल
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा, लेकिन इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Leave a comment