'कुश्ती संघ का अध्यक्ष बनने के लिये पहलवानों को उकसाया', साक्षी मलिक ने बबीता फोगाट पर लगाए गंभीर आरोप

'कुश्ती संघ का अध्यक्ष बनने के लिये पहलवानों को उकसाया',  साक्षी मलिक ने बबीता फोगाट पर लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली: ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने भाजपा नेता बबीता फोगाट पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि बबीता फोगाट ने ही पहलवानों को बृजभूषण सिंह के खिलाफ उकसाया था, क्योंकि बबीता फोगाट उसे हटा कर खुद भारतीय कुश्ती महासंघ की अध्यक्ष बनना चाहती थीं।

इसके साथ ही साक्षी मलिक ने कहा कि बबीता फोगाट ने सबसे पहले पहलवानों की एक बैठक बुलाई थी, जिसमें उन्होंने पहलवानों से कुश्ती महासंघ के अंदर छेड़छाड़ की घटनाओं सहित कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ विरोध करने की अपील की थी। कांग्रेस की तरफ से समर्थन पर साक्षी मलिक ने कहा कि यह गलत है। हमें बबीता फोगाट और तीरथ सिंह ने विरोध करने के विचार के साथ हमसे संपर्क किया था, क्योंकि उनका अपना एजेंडा था। वह WFI अध्यक्ष बनना चाहती थीं।

महासंघ के अंदर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसे गंभीर मुद्दे थे- साक्षी

साक्षी ने कहा कि,'विरोध पूरी तरह से बबीता फोगाट से प्रभावित नहीं था, हमने आंख मूंदकर उनका अनुसरण नहीं किया, लेकिन उनके सुझाव पर ही विरोध शुरू हुआ था। हम जानते थे कि महासंघ के अंदर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ जैसे गंभीर मुद्दे थे। हमारा मानना था कि एक महिला के नेतृत्व से सकारात्मक बदलाव होंगे। खासकर बबीता फोगाट जैसी कोई महिला, जो एक खिलाड़ी भी है।

Leave a comment