Delhi Metro News: दिवाली के त्योहार को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं के समय में बदलाव किया है। यह बदलाव 8 नवंबर 2026 (रविवार) को लागू रहेगा। DMRC के अनुसार, दिवाली के दिन कुछ मेट्रो लाइनों पर सुबह की सेवाएं सामान्य समय से एक घंटा पहले शुरू होंगी। वहीं, शाम को सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन सामान्य समय से एक घंटा पहले रवाना होगी।
DMRC के मुताबिक, रविवार को आमतौर पर सुबह 7 बजे शुरू होने वाली पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन की मेट्रो सेवाएं 8 नवंबर को सुबह 6 बजे से शुरू होंगी। इन लाइनों के सभी संबंधित टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होगी।
इनमें शामिल हैं:
- पिंक लाइन: मजलिस पार्क से मजलिस पार्क/शिव विहार।
- मैजेंटा लाइन: बोटेनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और मजलिस पार्क से दीपाली चौक।
- ग्रे लाइन: द्वारका काकरोला से धांसा बस स्टैंड।
रात 10 बजे चलेगी आखिरी मेट्रो
दिवाली के अवसर पर शाम को मेट्रो सेवाओं के समय में भी बदलाव किया गया है। 8 नवंबर को सभी मेट्रो लाइनों पर आखिरी ट्रेन रात 11 बजे के बजाय रात 10 बजे संबंधित टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है। ऐसे में दिवाली की शाम मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
यात्रियों के लिए DMRC की सलाह
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे बदले हुए समय को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। मेट्रो के समय और अन्य जरूरी अपडेट के लिए यात्री दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल चेक कर सकते हैं।
Also read: पाकिस्तानी शरणार्थियों को बड़ी राहत, पासपोर्ट-वीजा नियमों में केंद्र सरकार ने किया बड़ा बदलाव