
Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली सूची जारी की है। इस सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। चुनाव आयोग ने अभी तक चुनावी तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन इस घोषणा से चुनावी मैदान में उतारे जाने वाले प्रत्याशियों का खाका साफ हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली सूची में छतरपुर से ब्रह्मा सिंह तंवर, किराड़ी से अनिल झा, विश्वास नगर से दीपक सिंघला, और रोहतास नगर से सरिता सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, लक्ष्मी नगर से बीबी त्यागी, बदरपुर से राम सिंह नेता जी, सीलमपुर से जुबैर चौधरी, सीमापुरी से वीर सिंह धींगान, घोंडा से गौरव शर्मा, करावल नगर से मनोज त्यागी और मटियाला से सोमेश शौकीन को भी टिकट दिया है।
राजनीतिक दलों में दल-बदल की हलचल
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राज्य में नेताओं का दल-बदल जारी है। हाल ही में आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कैलाश गहलोत ने भाजपा जॉइन की, जबकि भाजपा के पूर्व नेता अनित झा आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इसके अलावा, भाजपा के पूर्व विधायक ब्रह्म सिंह तंवर ने भी AAP का दामन थाम लिया। तंवर तीन बार विधायक और तीन बार काउंसलर रह चुके हैं।
दिल्ली में कब होंगे चुनाव?
दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी 2025में हो सकते हैं, हालांकि चुनाव आयोग कभी भी तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस समय दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। हाल ही में अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं।
भाजपा ने भी आगामी चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी लगभग 10 पार्षदों और एल्डरमैन को चुनावी मैदान में उतारने की योजना बना रही है, जिनकी जनता में मजबूत छवि है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही सभी प्रमुख दल अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
Leave a comment