
Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक फरवरी को केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट की सराहना करते हुए इसका खुले दिल से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला है। मुख्यमंत्री के अनुसार, माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतिबिंब है, जो हर नागरिक को सशक्त बनाने, समाज के सभी वर्गों के कल्याण को सुनिश्चित करने और देश की सतत व मजबूत आर्थिक वृद्धि को गति देने का काम करेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह बजट तीन स्पष्ट कर्तव्यों पर केंद्रित है। पहला, आर्थिक विकास की रफ्तार को तेज करना, जिसके लिए निवेश, उद्योग और रोजगार सृजन को मजबूत आधार दिया गया है ताकि विकास व्यापक और टिकाऊ हो सके। दूसरा, देशवासियों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करना, जिससे आम आदमी का जीवन अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बने। तीसरा, यह सुनिश्चित करना कि विकास और संसाधनों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और ‘सबका साथ, सबका विकास’ का संकल्प वास्तविकता में बदले।
उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, खासकर अन्नदाता किसानों, युवा शक्ति, नारी शक्ति और वंचित वर्गों के लिए। किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया है। घरेलू निर्माण और मैन्युफैक्चरिंग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का स्पष्ट रोडमैप भी इस बजट में नजर आता है, जिससे भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बजट में स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे भविष्य के क्षेत्रों में इनोवेशन और विकास को प्रोत्साहित किया गया है। इससे न सिर्फ रोजगार और समृद्धि के नए अवसर खुलेंगे, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिस्पर्धी क्षमता भी और मजबूत होगी। युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर जिस स्पष्टता और गंभीरता के साथ बात रखी गई है, वह वास्तव में सराहनीय है। इसी तरह देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोकर उसे मजबूत और आकर्षक पर्यटन उद्योग के रूप में विकसित करने की सोच को भी मुख्यमंत्री ने बेहद प्रभावी बताया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खेलो इंडिया मिशन को लेकर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के विजन की साफ झलक इस बजट में दिखाई देती है। साथ ही, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विदेश जाने वाले नागरिकों को मिलने वाली रियायतें मध्यम वर्ग और युवाओं के लिए बड़ी राहत हैं। आपदा प्रबंधन के लिए शहरों को दिए जाने वाले अनुदानों को लेकर उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली को भी खासा लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्यों के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर के रूप में 1.4 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान एक सकारात्मक और दूरगामी कदम है, जो सभी राज्यों को विकास की नई गति देगा।
दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल रेल परियोजना नहीं है, बल्कि यह गति, प्रगति और जनविश्वास का प्रतीक है। इस परियोजना से दिल्ली की कनेक्टिविटी नए स्तर पर पहुंचेगी, यात्रा तेज और सुविधाजनक होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनेंगे और व्यापार व उद्योग के लिए नए बाजार खुलेंगे। इससे ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और सशक्त होगी। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ दिल्ली राष्ट्रीय विकास की धुरी के रूप में और मजबूत होकर उभरेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा करते हुए भविष्य के विकास की ठोस नींव रखता है। यह न केवल मौजूदा जरूरतों का समाधान करता है, बल्कि आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत की दिशा में मजबूत आधार तैयार करता है। उन्होंने इस दूरदर्शी बजट के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हृदय से अभिनंदन और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
Leave a comment