Petrol Diesel Price: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल कम होने की संभावना नहीं है। केंद्र सरकार का कहना है कि सस्ते कच्चे तेल का फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचने में अभी समय लगेगा। हाल ही में ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ी अनिश्चितता के कारण कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई थीं। इसके चलते कई देशों में ईंधन की कीमतों पर दबाव बढ़ा। हालांकि अब हालात सामान्य होने लगे हैं और कच्चे तेल की कीमतें 80 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई हैं।
क्या है वजह?
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने का असर तुरंत पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नहीं दिखेगा। उन्होंने बताया कि कच्चे तेल की खरीद, भारत तक उसका परिवहन और फिर रिफाइनिंग की प्रक्रिया में समय लगता है। इसके बाद ही सस्ता तेल बाजार तक पहुंच पाता है। मंत्री के अनुसार, हाल में ईंधन की कीमतों में हुई वृद्धि का सीधा असर करीब 3.94 रुपये प्रति लीटर तक रहा है। लेकिन कच्चे तेल के दाम घटते ही इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों और सरकार को भी लागत और अन्य खर्चों का ध्यान रखना पड़ता है।
भारतीय तेल कंपनियों पर दबाव
सुरेश गोपी ने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने के दौरान भारतीय तेल कंपनियों पर काफी दबाव पड़ा था। इस दौरान केंद्र सरकार ने भी आर्थिक बोझ का कुछ हिस्सा उठाया। उनके मुताबिक, इस स्थिति के कारण केंद्र सरकार को करीब 12,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं, वैश्विक बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि तेल की कीमतों में आगे भी नरमी बनी रह सकती है। अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज कंपनी गोल्डमैन सैक्स ने अपने अनुमान में कटौती करते हुए कहा है कि आने वाले वर्षों में ब्रेंट क्रूड की कीमतें पहले के अनुमान से कम रह सकती हैं।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि ONGC और Oil India जैसी कंपनियां उत्पादन बढ़ने के कारण लाभ में बनी रह सकती हैं। फिलहाल आम लोगों को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है। सरकार और तेल कंपनियां आने वाले समय में बाजार की स्थिति को देखते हुए आगे का फैसला करेंगी।
Also read: Chandigarh : चंडीगढ़ से टनकपुर के लिए सीधी बस सेवा शुरू, यहाँ देखें बस रूट और टाइम टेबल