AAP Leader Arrested: फरीदाबाद में जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के एक गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी के व्यापार मंडल अध्यक्ष अमन गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार यह मामला सेक्टर-35 स्थित प्लॉट नंबर 71 से जुड़ा हुआ है, जिस पर काफी समय से कानूनी विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी माला शर्मा ने यह प्लॉट पहले खरीदा था। लेकिन कुछ समय बाद उसी प्लॉट को मूल मालिक ने दोबारा अमन गोयल को बेच दिया। इस बीच प्लॉट के असली मालिक की मौत हो गई, जिससे मामला और उलझ गया।
अमन गोयल ने किया प्लॉट पर कब्जा
जांच में सामने आया कि माला शर्मा के पास प्लॉट की असली रजिस्ट्री मौजूद थी, जबकि अमन गोयल को केवल प्रमाणित प्रति के आधार पर जमीन बेची गई थी। इसके बावजूद अमन गोयल ने प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की। इसके बाद माला शर्मा ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। यह मामला कई सालों तक अदालतों में चलता रहा। सेशन कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट तक फैसले माला शर्मा के पक्ष में आए। अंत में सुप्रीम कोर्ट ने भी उनके हक में निर्णय सुनाया।
फर्जी एग्रीमेंट किया गया तैयार
थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, अमन गोयल ने प्लॉट पर कब्जा करने के लिए करीब दो महीने पहले एक और साजिश रची। उसने अपने दोस्त जितेंद्र पाराशर के नाम पर पुरानी तारीख का एक फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि यह दस्तावेज़ साल 2024 में बनाया गया था, लेकिन उसमें 2023 की तारीख दिखाकर उसे पुराना साबित करने की कोशिश की गई।
इसी फर्जीवाड़े के आधार पर पुलिस ने अमन गोयल को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।