Brij Bhushan Welcome: यौन उत्पीड़न के मामले में बरी होने के बाद बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह इन दिनों अपने गृह जिले गोंडा में हैं। गोंडा पहुंचने के बाद वह लगातार अपने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान कई जगहों पर उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों की ओर से उनका स्वागत किया जा रहा है। नवाबगंज के रास्ते गोंडा जाते समय बृजभूषण शरण सिंह का एक मदरसे के बच्चों ने भी स्वागत किया। बच्चों ने उन पर फूल बरसाए और उनके समर्थन में ‘शेर आया, शेर आया’ के नारे लगाए। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग भी वहां मौजूद थे। बृजभूषण शरण सिंह ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
गोंडा पहुंचे बृजभूषण
बता दें कि पहलवानों की ओर से दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत से बरी होने के बाद करीब दो हफ्ते पहले बृजभूषण शरण सिंह पहली बार अपने गृह जिले गोंडा पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए समर्थकों ने बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं। बृजभूषण शरण सिंह चार्टर्ड विमान से अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद वह काफिले के साथ गोंडा के लिए रवाना हुए।
फूलों की हुई बारिश
अयोध्या से गोंडा तक रास्ते में कई जगह लोग सड़क के किनारे खड़े होकर उनका स्वागत करते नजर आए। कई जगह जेसीबी मशीनों से फूलों की बारिश भी की गई। समर्थकों ने आतिशबाजी की और उनके समर्थन में नारे लगाए। बताया गया कि उनके काफिले के साथ सैकड़ों वाहन भी चल रहे थे। गोंडा पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह लगातार अपने क्षेत्र के लोगों से मिल रहे हैं। इसी क्रम में नवाबगंज के रास्ते मदरसे के बच्चों द्वारा किए गए स्वागत का वीडियो और तस्वीरें भी चर्चा में हैं।
समर्थकों में दिखा उत्साह
गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके खिलाफ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इस मामले में अदालत ने उन्हें बरी कर दिया है। इसके बाद से उनके समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है और उनके गृह जिले में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
Also read: UP Crime: वाराणसी में 22 साल की छात्रा की हत्या, 7 बीघा जमीन के लालच में रिश्तेदार पर आरोप