Saharsa News: बिहार के सहरसा के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के 6 लोगों द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने की खबर सामने आई। पीड़ितों में एक महिला और उसके पांच बच्चे शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, छह में से दो बच्चों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य चार का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जहर खाने वालों में रामकुमार (5 वर्ष), लखन कुमार (5 वर्ष), प्रीति कुमारी (14 वर्ष), रचना कुमारी (13 वर्ष) सहित सभी लोगों को इलाज के लिए नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
Also read: रिश्तों का हुआ खून...भाभी से प्रेम प्रसंग में छोटे भाई की हत्या, बड़ा भाई फरार
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि जहर खाने के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घरेलू विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, बनमा ईटहरी थाना पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है और घटनास्थल पर छानबीन जारी है। फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल है।