Ladakh 7 Districts: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में प्रशासनिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पांच नए जिलों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने हाल ही में इसकी पुष्टि की और कहा कि नए जिलों के सुचारु संचालन के लिए प्रशासनिक, बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन की व्यवस्था की जा रही है। इससे दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में शासन-प्रशासन मजबूत होगा तथा विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक आसानी से पहुंचेगा।
Also read: गर्मी ने छिनी लोगों की जिंदगी! 5 साल के आंकड़े देख हो जाएंगे हैरान, जानें किस राज्यों में कितनों की गई जान
लद्दाख में अब होंगे 7 जिले
बता दें, साल 2024 अगस्त में गृह मंत्रालय ने पांच नए जिलों के गठन की घोषणा की थी। इन नए जिलों के नाम हैं- ज़ांस्कर (Zanskar), द्रास (Drass), शाम (Sham), नुब्रा (Nubra) और चांगथांग (Changthang)। पहले लद्दाख में केवल दो जिले- लेह और कारगिल थे। लेकिन अब कुल सात जिले हो जाएंगे। लेह जिले को चार भागों (लेह, शाम, नुब्रा और चांगथांग) में बांटा जाएगा, जबकि कारगिल जिले को तीन भागों (कारगिल, ज़ांस्कर और द्रास) में विभाजित किया जाएगा
नए जिलों का महत्व
लद्दाख क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का सबसे बड़ा केंद्र शासित प्रदेश है, लेकिन जनसंख्या बहुत कम है। दुर्गम भूगोल, ऊंची चोटियां और कठिन मौसम के कारण यहां प्रशासनिक पहुंच चुनौतीपूर्ण रही है। नए जिलों के गठन से: इसके अलावा यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेज होगा। साथ ही, सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को संतुलित रूप से बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर शासन सुनिश्चित होगा।
उपराज्यपाल ने क्या कहा?
उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा 'लद्दाख के लिए एक ऐतिहासिक दिन। मैंने लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है, जिससे लद्दाख के लोगों की आकांक्षाओं और लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया जा रहा है।' उन्होंने आगे कहा कि नुब्रा, शाम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास - इन पांच नए जिलों के गठन के साथ, लद्दाख में अब दो के बजाय सात जिले हो जाएंगे। यह विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप है।