Bihar News:बिहार में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी पहल की है। अब बीज, खाद और कीटनाशकों के नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशालाओं तक पहुंचाना आसान और सुरक्षित होगा। इसके लिए बिहार सरकार के कृषि विभाग और भारत सरकार के डाक विभाग के बिहार परिमंडल के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल से नमूनों को सुरक्षित और समय पर लैब तक पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही निजी कूरियर पर निर्भरता भी कम होगी।
सोमवार, 9 नवंबर 2026 को पटना में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। बिहार परिमंडल की निदेशक डाक सेवाएं प्रियंका जैन और कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के तहत अब कृषि विभाग बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के नमूने डाक विभाग के माध्यम से जांच प्रयोगशालाओं तक भेज सकेगा। डाक विभाग इन नमूनों को पूरी सुरक्षा और गोपनीयता के साथ निर्धारित समय में पहुंचाने में सहयोग करेगा।
बिहार के 9,673 डाकघरों के नेटवर्क का मिलेगा फायदा
इस व्यवस्था में डाक विभाग के बिहार परिमंडल के 9,673 डाकघर केंद्रों के व्यापक नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे कृषि उपादानों के नमूनों को प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी। अभी तक नमूनों को जांच के लिए भेजने में निजी कूरियर पर निर्भरता रहती थी। नई व्यवस्था लागू होने से इस निर्भरता को कम करने और नमूनों की जांच में होने वाली देरी को घटाने में मदद मिलेगी। इससे नकली और घटिया गुणवत्ता वाले बीज, खाद एवं कीटनाशकों की पहचान करने की प्रक्रिया को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
किसानों के घर तक पहुंचेंगे बीज और कृषि उत्पाद
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डाक विभाग का सहयोग केवल कृषि उत्पादों के नमूनों को लैब तक पहुंचाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विभाग से किसानों की सुविधा के लिए बीज, कीटनाशक, जैविक खाद और अन्य जरूरी कृषि उत्पादों की होम डिलीवरी की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के नेटवर्क का इस्तेमाल किसानों द्वारा उत्पादित जैविक और प्राकृतिक कृषि उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में भी किया जा सकता है। इससे किसानों के उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच सकेंगे और उनके विपणन तथा निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें बाजार से जोड़कर उनकी आय और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराना है। वहीं, निदेशक डाक सेवाएं प्रियंका जैन ने कहा कि किसानों के हित में डाक विभाग अपनी सेवाओं और संसाधनों के माध्यम से हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। सरकार के मुताबिक, कृषि एवं डाक विभाग के बीच हुआ यह समझौता कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नकली और घटिया उत्पादों पर अंकुश लगाने तथा किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Also read: Bihar Teacher Recruitment 2026: बिहार में 33,320 सरकारी शिक्षकों की भर्ती, आवेदन का आज आखिरी दिन; जानें पूरी प्रक्रिया