Cab Booking: केंद्र सरकार ने कैब और राइड बुकिंग करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम फैसला लिया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने वाहन एग्रीगेटर कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे अपने मोबाइल ऐप पर राइड शुरू होने से पहले टिप देने वाले विकल्प और संदेश हटाएं। मंत्रालय ने साफ कहा है कि ड्राइवर को दी जाने वाली टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होनी चाहिए और इसे केवल यात्रा पूरी होने के बाद ही दिया जा सकेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, 11 अगस्त को जारी निर्देश में मंत्रालय ने बताया कि कुछ राइड एग्रीगेटर ऐप्स पर राइड बुक करने से पहले ही यात्रियों को टिप देने के लिए प्रेरित करने वाले संदेश दिखाई दे रहे थे। इनमें “Advance Tip”, “Choose an Add-on” और “A driver may be more likely to accept this trip if you add a tip” जैसे विकल्प शामिल थे। मंत्रालय ने ऐसे फीचर्स को नियमों के खिलाफ बताया है।
सख्ती से पालन करने के मिले निर्देश
MoRTH ने सभी मोटर वाहन एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की तुरंत समीक्षा करने और Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 की Clause 14.15 का सख्ती से पालन करने को कहा है। मंत्रालय के अनुसार, नियमों के खिलाफ कोई भी इंटरफेस या फीचर बिना देरी के बदला जाना चाहिए। इस नियम के तहत यात्री ड्राइवर को अपनी इच्छा से टिप दे सकता है, लेकिन टिप का विकल्प यात्रा पूरी होने के बाद ही दिखाया जा सकता है। बुकिंग के समय, यात्रा शुरू होने से पहले या सफर के दौरान टिप देने का विकल्प उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
ड्राइवर को मिलनी चाहिए टिप की रकम- मंत्रालय
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि टिप की पूरी रकम ड्राइवर को मिलनी चाहिए और एग्रीगेटर कंपनी उसमें से कोई कटौती नहीं कर सकती। इसके अलावा, ऐप में ऐसा कोई टिपिंग फीचर नहीं होना चाहिए जो यात्री को भ्रमित या प्रभावित करे। खास तौर पर ऐसा संदेश या विकल्प नहीं दिया जा सकता जिससे यह लगे कि टिप देने पर राइड जल्दी कन्फर्म होगी, ड्राइवर राइड स्वीकार करने के लिए ज्यादा तैयार होगा, ड्राइवर का आवंटन बेहतर होगा, इंतजार का समय कम होगा या सेवा की गुणवत्ता बेहतर मिलेगी।
टिप देना यात्री की इच्छा- सरकार
मंत्रालय का यह निर्देश ऐसे समय आया है जब कई राइड-हेलिंग ऐप्स बुकिंग प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग ऐड-ऑन और भुगतान विकल्प दिखा रहे हैं। सरकार ने अब स्पष्ट कर दिया है कि टिप देना यात्री की पूरी तरह अपनी इच्छा पर निर्भर होना चाहिए और इसके लिए उस पर किसी तरह का दबाव या अप्रत्यक्ष प्रभाव नहीं डाला जा सकता।
Also read: Jharkhand Protest: छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ ABVP का देशव्यापी आंदोलन, अस्पताल से छुट्टी की मांग पर देवेंद्र महतो बोले - मेरी आत्मा सत्याग्रह स्थल...