Nathan Lyon Dropped: ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। चयनकर्ताओं ने बड़ा फैसला लेते हुए अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को 13 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी है। वहीं, बल्लेबाज जैक क्लेटन और ऑफ स्पिनर कोरी रोचिचियोली को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। टीम की कमान पैट कमिंस के हाथों में होगी।
नाथन लियोन का टीम से बाहर होना ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बड़ा फैसला माना जा रहा है। वह 2011 में इंटरनेशनल डेब्यू के बाद से ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट स्पिनर रहे हैं। उनके नाम 145 टेस्ट मैचों में 577 विकेट दर्ज हैं। लियोन की जगह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर कोरी रोचिचियोली को मौका दिया गया है। चयनकर्ताओं के मुताबिक, लियोन हाल के मुकाबलों में गेंद से अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए। हालांकि, उनके अनुभव और योगदान को भी स्वीकार किया गया है। अगले साल भारत दौरे के लिए उनकी दावेदारी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
जैक क्लेटन को शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
क्वींसलैंड के बाएं हाथ के बल्लेबाज जैक क्लेटन ने शेफील्ड शील्ड में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस सीजन में 74.83 की औसत से रन बनाए हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में जगह दी है। क्लेटन को मार्नस लाबुशेन की जगह टीम में शामिल किया गया है। लाबुशेन को पहले ही न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम की योजना से बाहर कर दिया गया था। क्लेटन के पास अब टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका होगा।
कोरी रोचिचियोली ने घरेलू क्रिकेट में किया प्रभावित
29 वर्षीय कोरी रोचिचियोली वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हैं। उन्होंने शेफील्ड शील्ड में लगातार विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। इस सीजन में उनके नाम 18 विकेट हैं। तस्मानिया के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक भी लगाया था। रोचिचियोली को नाथन लियोन के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह अभी तय नहीं है।
स्टीव स्मिथ की वापसी, कई बड़े नाम बाहर
ऑस्ट्रेलिया की टीम में स्टीव स्मिथ की वापसी हुई है। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में गर्दन की चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। वहीं, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन और कूपर कोनोली को टीम में जगह नहीं मिली है। ब्यू वेबस्टर भी चयन से चूक गए हैं, जबकि तेज गेंदबाज माइकल नेसर टीम में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे। चयनकर्ताओं ने 13 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है। शेफील्ड शील्ड के छठे राउंड के मुकाबलों के बाद एक और खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जाएगा।
9 दिसंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर से पर्थ में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 17 दिसंबर से एडिलेड, तीसरा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न और चौथा टेस्ट 4 जनवरी 2027 से सिडनी में होगा। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी अहम होगी।
ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, कोरी रोचिचियोली, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क