Anthropic Claude Duet: क्या आपने कभी सोचा है कि आप ऑफिस में न हों, तब भी आपका काम चलता रहे? आपका AI असिस्टेंट आपके ईमेल चेक करे, मीटिंग का टकराव बता दे और जरूरी रिपोर्ट तैयार कर दे? यह अब सिर्फ कल्पना नहीं रही। AI कंपनी Anthropic ने भारत में अपना नया AI एजेंट Claude Duet लॉन्च कर दिया है।
क्या है Claude Duet?
Claude Duet एक ऐसा स्मार्ट AI एजेंट है, जो सिर्फ आपके सवालों का जवाब नहीं देता, बल्कि आपकी तरफ से खुद काम करता है। यह आपके निर्देश पर काम शुरू करता है, उसे पूरा करता है और फिर आपको अपडेट भी देता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह आपके फोन या लैपटॉप बंद होने के बाद भी काम करता रहता है। यानी आप बाहर हैं, मीटिंग में हैं या छुट्टी पर हैं, तब भी आपका काम नहीं रुकेगा।यह नए Claude Opus 5.5 मॉडल पर काम करता है। कंपनी ने इसे खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया है, जिन्हें एक साथ कई काम संभालने पड़ते हैं। जैसे - प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप फाउंडर्स, कंसल्टेंट्स और छोटे बिजनेस चलाने वाले लोग।
क्या-क्या काम कर सकेगा ये AI एजेंट?
Claude Duet एक पर्सनल असिस्टेंट की तरह काम करेगा, लेकिन उससे कई गुना तेज।सुबह की ब्रीफिंग: दिन की शुरुआत में ही जरूरी कामों की जानकारी देगा।ईमेल मैनेजमेंट: आपके इनबॉक्स से जरूरी मैसेज छांटकर बताएगा। मीटिंग अलर्ट: अगर दो मीटिंग का समय टकरा रहा है, तो पहले ही बता देगा।रिपोर्ट और डैशबोर्ड: डेटा से डैशबोर्ड बनाना और फाइनेंशियल फोरकास्ट तैयार करना भी इसके लिए आसान होगा।यानी अलग-अलग ऐप्स पर जाकर जानकारी जुटाने और उसे एक जगह व्यवस्थित करने का झंझट अब खत्म हो जाएगा।
बंद फोन में भी कैसे करेगा काम?
यही वो फीचर है, जो Claude Duet को बाकी AI चैटबॉट से अलग करता है। यह अपनी वर्चुअल मशीन पर चलता है, जिसमें एक ब्राउजर भी दिया गया है। इसके जरिए यह आपके कनेक्टेड ऐप्स तक पहुंचता है और आपके दिए गए प्रॉम्ट के हिसाब से काम जारी रखता है।आप इसे टेक्स्ट या वॉयस, दोनों तरीके से निर्देश दे सकते हैं। काम पूरा होने पर या कहीं आपकी मंजूरी की जरूरत पड़ने पर, यह आपको नोटिफिकेशन भेज देगा।
Also read: Gold-Silver Price Today 26 November: सोने-चांदी की कीमतों में फिर आया उछाल, खरीदने से पहले जानें अपने शहर का ताजा भाव
कहां मिलेगा और क्या है कीमत?
Claude Duet को आप Android और iOS ऐप के साथ-साथ claude.ai वेबसाइट पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह Claude की सभी 35 भाषाओं को सपोर्ट करता है, जिनमें हिंदी, बंगाली, मराठी, तमिल, तेलुगु और गुजराती जैसी भारतीय भाषाएं भी शामिल हैं।अभी कंपनी ने इसके लिए अलग से कोई सब्सक्रिप्शन प्लान नहीं लाया है। इसका इस्तेमाल योग्य Claude प्लान के साथ किया जा सकेगा। हालांकि, इसका इस्तेमाल आपकी सामान्य Claude चैट की लिमिट में ही गिना जाएगा।
क्या है इसकी कमी?
कंपनी ने खुद माना है कि यह अभी शुरुआती वर्जन है। कभी-कभी यह आपकी बात का मतलब सही से नहीं समझ सकता या किसी जरूरी काम को पहचानने में चूक सकता है। फिलहाल यह पर्सनल कामों के मुकाबले ऑफिस के कामों में ज्यादा बेहतर है। साथ ही, आप काम करते समय इसके ब्राउजर को लाइव नहीं देख सकते।