बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 'जीविका' को नई अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (Additional CEO) मिल गई हैं। 2019 बैच की आईएएस अधिकारी अनन्या सिंह ने इस पद का कार्यभार संभाल लिया है। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों से बधाइयां मिल रही हैं। जीविका ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर अनन्या सिंह का स्वागत करते हुए लिखा कि पूरा जीविका परिवार उन्हें अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं देता है। उनकी नियुक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है।
प्रयागराज की रहने वाली हैं अनन्या
अनन्या सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई प्रयागराज के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल से की। पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहीं अनन्या ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 98.25 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। खास बात यह रही कि वह दोनों ही कक्षाओं में CISCE बोर्ड की जिला टॉपर रहीं।
दिल्ली के एसआरसीसी से की ऑनर्स की डिग्री प्राप्त
स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) से अर्थशास्त्र में ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की। बचपन से ही उनका सपना आईएएस अधिकारी बनने का था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्नातक के अंतिम वर्ष से ही संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी शुरू कर दी। अनन्या सिंह ने वर्ष 2019 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में 51वीं रैंक हासिल की। उस समय उनकी उम्र केवल 22 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में आईएएस बनने की उपलब्धि ने उन्हें देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा बना दिया।
क्या है सफलता का राज?
एक इंटरव्यू में अनन्या सिंह ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा था कि उन्होंने सेल्फ स्टडी पर सबसे ज्यादा भरोसा किया। वह रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती थीं। जब तैयारी मजबूत हो गई तो उन्होंने पढ़ाई का समय घटाकर लगभग 6 घंटे कर दिया। उन्होंने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की तैयारी साथ-साथ की। परीक्षा के पूरे सिलेबस के अनुसार किताबें जुटाईं, अपने नोट्स तैयार किए और नियमित रूप से उनका रिवीजन किया। उनका मानना है कि सही रणनीति, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
सोशल मीडिया से मिली लोकप्रियता
सोशल मीडिया पर भी अनन्या सिंह की अच्छी लोकप्रियता है। इंस्टाग्राम पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं, जहां युवा उनकी सफलता की कहानी और तैयारी से जुड़ी जानकारी को काफी पसंद करते हैं। अब जीविका की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में उनसे राज्य की महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Also read: Aaj Ka Mosam: उत्तर भारत की ओर बढ़ा मानसून, कई राज्यों में बारिश के आसार